मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

आगामी त्योहारों और जुलूसों के मद्देनज़र शाहजहाँपुर में चौक कोतवाली स्थित किला परिसर में जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह एवं पुलिस अधीक्षक की अध्यक्षता में उच्च स्तरीय बैठक आयोजित की गई।
बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने एसपीओ, आमजन, जनप्रतिनिधियों, धर्मगुरुओं और संभ्रांत नागरिकों से संवाद स्थापित करते हुए सभी से अपील की कि त्योहार और जुलूस आपसी भाईचारे, पारंपरिक सम्मान तथा सामाजिक सौहार्द के साथ संपन्न कराए जाएँ।
इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने सुरक्षा और व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की। जुलूस मार्ग, संवेदनशील स्थलों की निगरानी, पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, भीड़ प्रबंधन तथा सीसीटीवी व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं पर चर्चा की गई। साथ ही अफवाह फैलाने और अवांछित गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश भी दिए गए।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) रजनीश मिश्रा, नगर आयुक्त डॉ. विपिन कुमार मिश्रा, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, सीओ सिटी पंकज पंत, प्रभारी निरीक्षक चौक कोतवाली अश्वनी कुमार सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं पुलिस बल उपस्थित रहे।

