मोहम्मद सिराज, ब्यूरो चीफ, पांढुर्णा (मप्र), NIT:
पांढुर्णा में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में शांति समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक का उद्देश्य आगामी त्योहारों को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएँ सुनिश्चित करना था।
बैठक में पुलिस अधीक्षक श्री सुंदर सिंह कनेश, अपर कलेक्टर श्रीमती नीलमणी अग्निहोत्री, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री नीरज सोनी, पूर्व विधायक एवं पूर्व राज्यमंत्री श्री नानाभाऊ मोहोड, नगर पालिका अध्यक्ष श्री संदीप घाटोड़े, नगर पालिका उपाध्यक्ष ताहिर पटेल, भाजपा वरिष्ठ नेता राजू परमार, एसडीएम पांढुर्णा श्रीमती अलका एक्का, संयुक्त कलेक्टर सुश्री नेहा सोनी, तहसीलदार श्री विनय प्रकाश ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, गणमान्य नागरिक—जयंत घोड़े, सिराज भाई, महेंद्र घोड़े, हाजी शाहिद, सुरेश खोड़े, इशाक मिस्त्री एवं शांति समिति के सदस्य उपस्थित रहे।
कलेक्टर श्री वशिष्ठ ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य सभी नागरिकों को आपसी भाईचारे एवं सद्भाव के साथ त्योहार मनाने हेतु प्रेरित करना है। उन्होंने आगामी होलिका दहन एवं होली पर्व के मद्देनज़र नागरिकों से ध्वनि एवं वायु प्रदूषण फैलाने वाले उपकरणों का उपयोग न करने की अपील की। साथ ही शराब के नशे में हुड़दंग और असामाजिक गतिविधियों से दूर रहने का आग्रह किया।
शांति समिति ने “ग्रीन होली” का संदेश देते हुए होलिका दहन में पेड़ों की कटाई कर लकड़ी का उपयोग न करने तथा पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिकोण से गोबर से बने उपले/कंडों के उपयोग पर जोर दिया।
कलेक्टर ने नागरिकों से होलिका दहन एवं रंगों के प्रयोग के दौरान बिजली लाइनों, केबलों और ट्रांसफार्मरों से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की अपील की, ताकि किसी प्रकार की दुर्घटना न हो। बैठक में नागरिकों ने त्योहारों के दौरान शराब के नशे में उत्पात मचाने वालों पर सख्त कार्रवाई, बांधों एवं तालाबों में स्नान करने वालों पर निगरानी तथा नगर और ग्रामीण क्षेत्रों में फेरी करने वाले संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन की मांग उठाई।
पुलिस अधीक्षक श्री कनेश ने बढ़ती चोरी की घटनाओं को ध्यान में रखते हुए बड़ी कॉलोनियों में निवासियों के सहयोग से निजी सुरक्षा कर्मी तैनात करने का सुझाव दिया। उन्होंने आश्वस्त किया कि पुलिस प्रशासन द्वारा समन्वित रूप से सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाएगा।
अंत में कलेक्टर श्री नीरज कुमार वशिष्ठ ने समस्त नागरिकों से प्रशासन का सहयोग करने तथा सभी त्योहारों को शांति, सौहार्द और सामाजिक सद्भाव के साथ मनाने की अपील की।

