मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट स्थित वीसी कक्ष में जनपद में हीटवेव (लू) प्रबंधन को लेकर महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। आगामी ग्रीष्म ऋतु के दृष्टिगत ‘सिटी हीट एक्शन प्लान’ को विकसित करने, क्रियान्वित करने और उसकी सघन मॉनिटरिंग सुनिश्चित करने पर विस्तृत चर्चा की गई।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि जनपद को लू के प्रकोप से बचाने के लिए Uttar Pradesh State Disaster Management Authority के दिशा-निर्देशों का अक्षरशः पालन किया जाए। बैठक के दौरान जिलाधिकारी द्वारा दिए गए प्रमुख निर्देश निम्नलिखित हैं—
जनपद के संवेदनशील समूहों को चिह्नित करते हुए हाइड्रोलॉजिस्ट के डेटा के आधार पर लोकेशन-वाइज योजना तैयार की जाए। ऐसे स्थानों का चिन्हांकन किया जाए जहां वृक्षारोपण संभव हो। ट्रैफिक सिग्नलों पर राहगीरों के लिए ग्रीन शेड लगाए जाएं। सभी पेट्रोल पंप, होटल और सार्वजनिक स्थानों पर ठंडे पानी की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही गैर-सरकारी संस्थाओं के सहयोग से प्याऊ स्थापित किए जाएं।
दिहाड़ी मजदूरों की सुरक्षा के लिए विशेष कदम उठाए जाएं। पशुशालाओं के लिए अलग कार्ययोजना बनाकर पशुओं को लू से बचाने के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। जनपद के सभी 12 सीएचसी का ऑडिट कराया जाए। सभी अस्पतालों में 15 बेड का समर्पित “हीटवेव वार्ड” तथा हेल्प डेस्क संचालित किए जाएं। मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य को भी बैठक में शामिल किया गया।
स्कूलों में नियमित अंतराल पर “वाटर बेल” बजाई जाएगी, ताकि बच्चे समय-समय पर पानी पी सकें। प्रत्येक स्कूल में पेयजल हेतु दो घड़े अनिवार्य रूप से रखे जाएंगे, जिनकी जिम्मेदारी रसोइयों की होगी। स्वास्थ्य विभाग स्कूलों के लिए विशेष मेडिकल किट तैयार करेगा। भीषण गर्मी के दौरान बच्चों को टाई न पहनने की छूट दी गई है।
बस स्टेशन, रेलवे स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर यात्री शेड में पंखों की व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। नगर निगम द्वारा रिक्शा चालकों एवं आमजन के लिए 10-15 स्थानों पर छायादार टेंट एवं पेयजल की व्यवस्था की जाएगी।
प्रमुख कॉलोनियों में नागरिकों को अपनी छतों पर किचन गार्डन व सब्जियां उगाने के लिए प्रेरित किया जाएगा, जिससे स्थानीय तापमान में कमी लाई जा सके। इसके लिए जनपद स्तर पर विशेष आईईसी सामग्री (बैनर-पोस्टर) तैयार की जाएगी।
डीएम ने कहा कि हमारा लक्ष्य है कि ग्रीष्म ऋतु के आगमन से पूर्व जनपद का प्रत्येक विभाग पूरी तरह तैयार रहे, ताकि हीटवेव के कारण जनहानि या पशुहानि को शून्य रखा जा सके।
बैठक में नगर आयुक्त, अपर जिलाधिकारी (वित्त), डिप्टी सीएमओ, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी, पुलिस विभाग, अग्निशमन अधिकारी, श्रम विभाग, जल निगम, जिला कार्यक्रम विभाग, परिवहन विभाग, विद्युत विभाग एवं आपदा प्रबंधन विभाग के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

