अतीश दीपंकर, ब्यूरो चीफ, पटना (बिहार), NIT:

भागलपुर जिले के नवगछिया अनुमंडल अंतर्गत झंडापुर थाना क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग 31 पर शुक्रवार को एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई। खगड़िया से आ रही एक बस और नवगछिया की ओर जा रही दो छोटी गाड़ियों के बीच जोरदार टक्कर हो गई, जिसमें चार लोगों की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने के बाद चिकित्सकों ने उनकी मृत्यु की पुष्टि की।
मृतकों की पहचान इस प्रकार हुई है:-
6 वर्षीय कुणाल कुमार, पिता अमन निषाद, निवासी मारर, थाना मोरकाही, जिला खगड़िया।
अरविंद मंडल, पिता शिबू मंडल, ग्राम समेली, थाना पोठिया, जिला कटिहार।
35 वर्षीय पूर्मी देवी, उनके पति 40 वर्षीय सुनील दास, निवासी भीट्टा, इस्माइलपुर, भागलपुर।

घटना में घायल छह लोगों का इलाज जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज अस्पताल मायागंज में चल रहा है, जहां प्रशासनिक अधिकारियों की निगरानी में उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही जिलाधिकारी डॉ. नवल किशोर चौधरी, पुलिस अधीक्षक नवगछिया प्रेरणा कुमार, अनुमंडल पदाधिकारी व अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज भिजवाया।
दुर्घटना के बाद कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा, लेकिन अब राष्ट्रीय राजमार्ग पर आवागमन सामान्य हो गया है।
मोटरयान निरीक्षक द्वारा दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।

