मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:
तवा नदी से अवैध रूप से रेत का उत्खनन और परिवहन किया जा रहा था, जिस पर खनिज विभाग ने कलेक्टर के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए एक ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त की है।
जुन्नारदेव पुलिस अनुभाग के अंतर्गत थाना दमुआ क्षेत्र के रामपुर में यह कार्रवाई की गई।
खनिज विभाग की अधिकारी स्नेहलता थावरे ने बताया कि तवा नदी से अवैध रेत उत्खनन कर उसे परिवहन किया जा रहा था। ट्रैक्टर-ट्रॉली रामपुर बेलनीढ़ाना से छिंदीकामथ की ओर जा रही थी, तभी उसे पकड़ लिया गया।
जांच में ट्रैक्टर-ट्रॉली बिना वैध दस्तावेजों के रेत परिवहन करते हुए पाई गई, जिसके बाद वाहन को जब्त कर दमुआ थाना परिसर में सुरक्षात्मक अभिरक्षा में खड़ा कराया गया है। आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

