रौजा में रास्ते बंद करने पर वित्त मंत्री ने डीआरएम को लगाई फटकार | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

रौजा क्षेत्र में रेल प्रशासन द्वारा आदर्श नगर कॉलोनी और चर्च कॉलोनी के आम नागरिकों के आवागमन के सभी रास्ते बंद किए जाने का मामला उस समय तूल पकड़ गया, जब मौके पर निरीक्षण के दौरान उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना का आक्रोश फूट पड़ा। जनहित से जुड़े इस गंभीर मुद्दे पर मंडल रेल प्रबंधक (डीआरएम) संतोषजनक जवाब नहीं दे सके, जिस पर वित्त मंत्री ने कड़े शब्दों में उन्हें फटकार लगाई। निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री बार-बार सख्त लहजे में कहते नजर आए फोन नंबर उठाने वाले एएन को बुलाओ, वह कहां है। हालांकि संबंधित एएन मौके पर उपस्थित नहीं हुआ। एएन की गैरमौजूदगी पर वित्त मंत्री की नाराजगी और बढ़ गई। स्थिति संभालते हुए डीआरएम ने बताया कि संबंधित अधिकारी मौके से जा चुके हैं, जिससे निरीक्षण जैसे महत्वपूर्ण अवसर पर अधिकारियों की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो गए। वित्त मंत्री ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि रेलवे लाइन की बैरीकेडिंग सुरक्षा की दृष्टि से आवश्यक हो सकती है, लेकिन आम जनता के रोजमर्रा के उपयोग वाले सभी रास्तों को बंद कर देना और गड्ढे खुदवाकर आवागमन बाधित करना पूरी तरह जनविरोधी कदम है। उन्होंने सवाल किया कि किस उद्देश्य से जनता के रास्तों पर गड्ढे खुदवाए गए, लेकिन डीआरएम इसका कोई ठोस उत्तर नहीं दे सके। जनता को बेवजह परेशान करना बर्दाश्त नहीं है। वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने दो टूक कहा कि जनता को बिना कारण परेशान करना किसी भी कीमत पर स्वीकार नहीं किया जाएगा। सुरक्षा के नाम पर अनावश्यक प्रतिबंध लगाकर लोगों का जीवन कठिन बनाना गलत है। फटकार के बाद डीआरएम को देना पड़ा आश्वासन
वित्त मंत्री के सख्त तेवरों के बाद डीआरएम ने आश्वासन दिया कि नोटिफाइड एरिया स्कूल के पास खोदे गए गड्ढों को तत्काल भरवाया जाएगा, माल गोदाम जाने वाला मुख्य मार्ग बंद नहीं किया जाएगा, अन्य मार्गों के समाधान के लिए स्थानीय स्तर पर एक समिति गठित की जाएगी, जिसमें जनता का एक प्रतिनिधि भी शामिल रहेगा, ताकि भविष्य में किसी तरह की समस्या न हो। निरीक्षण के दौरान वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना, सांसद अरुण कुमार सागर, रेल प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय पार्षद अरविंद राजपाल, अरविंद सक्सेना, पत्रकार अनिल सिंह, एडवोकेट अजय गुप्ता, अनमोल सक्सेना, गुल मोहम्मद, अरविंद शर्मा सहित क्षेत्र के सैकड़ों लोग मौजूद रहे।