अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:
मध्यप्रदेश शासन की रोजगारोन्मुखी नीति के अंतर्गत बेरोजगार युवाओं एवं युवतियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से युवा संगम रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन किया जा रहा है। यह मेला 24 दिसंबर 2025, बुधवार को प्रातः 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक आयोजित होगा।
यह रोजगार मेला आईटीआई गोविंदपुरा, भोपाल में आयोजित किया जाएगा, जिसमें औद्योगिक क्षेत्र की विभिन्न निजी कंपनियां भाग लेंगी। मेले के दौरान कंपनियों द्वारा साक्षात्कार के माध्यम से चयन कर लगभग 625 पदों पर रोजगार के अवसर प्रदान किए जाएंगे।
मेले में भाग लेने के लिए शैक्षणिक योग्यता 5वीं से 12वीं, स्नातक, आईटीआई, बीई, बी-टेक, डिप्लोमा निर्धारित की गई है। आवेदकों की आयु सीमा 18 से 40 वर्ष रखी गई है।
आवेदकों को अपने साथ सभी शैक्षणिक प्रमाण पत्रों की छायाप्रति, दो पासपोर्ट साइज फोटो तथा पहचान पत्र (आधार कार्ड, समग्र आईडी, बैंक पासबुक की छायाप्रति) लाना अनिवार्य होगा।
इस रोजगार मेले का आयोजन जिला रोजगार कार्यालय, भोपाल द्वारा किया जा रहा है। अधिक जानकारी के लिए इच्छुक अभ्यर्थी जिला रोजगार कार्यालय, भोपाल से कार्यालयीन समय में संपर्क कर सकते हैं।
यह मेला युवाओं के लिए रोजगार प्राप्त करने का एक सुनहरा अवसर साबित होगा।

