राजस्थान बोर्ड की 10वीं-12वीं परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी, 19.86 लाख विद्यार्थी होंगे शामिल | New India Times

अशफाक कायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (RBSE) ने कक्षा 10वीं एवं 12वीं की बोर्ड परीक्षाओं का टाइम टेबल जारी कर दिया है। कक्षा 10वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 28 फरवरी तक आयोजित होंगी, जो कुल 17 दिनों तक चलेंगी। वहीं, कक्षा 12वीं की परीक्षाएं 12 फरवरी से 11 मार्च तक संपन्न होंगी, जिनकी अवधि 28 दिन रहेगी।

बोर्ड सचिव गजेंद्र सिंह राठौड़ ने बताया कि परीक्षा अवधि के दौरान कुल 6 दिन की छुट्टियां रहेंगी, जिनमें चार रविवार तथा होली और धुलंडी की छुट्टियां शामिल हैं।

उन्होंने जानकारी दी कि इस वर्ष बोर्ड परीक्षाओं में कुल 19 लाख 86 हजार 422 विद्यार्थी शामिल होंगे। इनमें कक्षा 10वीं के 10 लाख 68 हजार 610, कक्षा 12वीं के 9 लाख 05 हजार 872, वरिष्ठ उपाध्याय के 4,123 तथा प्रवेशिका के 7,817 विद्यार्थी परीक्षा देंगे। इसके लिए प्रदेशभर में 6,193 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं।

परीक्षा सुरक्षा के कड़े इंतजाम

बोर्ड सचिव ने बताया कि परीक्षाओं को निष्पक्ष एवं पारदर्शी बनाने के लिए सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। प्रश्नपत्रों को पुलिस थानों एवं चौकियों में सुरक्षित रखा जाएगा। परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरों से निगरानी की जाएगी, ताकि नकल पर सख्ती से रोक लगाई जा सके।

प्रदेश के करीब 15 जिलों को संवेदनशील एवं अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है, जहां विशेष रूप से वीडियोग्राफी कराई जाएगी। इन जिलों में 51 परीक्षा केंद्र अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं।

बोर्ड प्रशासन ने इस बार उत्तर पुस्तिकाओं के शीघ्र मूल्यांकन की व्यवस्था की है, जिससे परिणाम जल्द जारी किए जा सकें।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.