मुंबई के इस्लाम जिमखाना में भारत के वरिष्ठ पत्रकार शाहिद सिद्दीकी (प्रधान संपादक उर्दू साप्ताहिक नई दुनिया दिल्ली) की पुस्तक ‘I, Witness’ का भव्य विमोचन समारोह संपन्न | New India Times

मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मुंबई के इस्लाम जिमखाना में भारत के वरिष्ठ पत्रकार शाहिद सिद्दीकी (प्रधान संपादक उर्दू साप्ताहिक नई दुनिया दिल्ली) की पुस्तक ‘I, Witness’ का भव्य विमोचन समारोह संपन्न | New India Times

देश के प्रख्यात पत्रकार, दिल्ली से प्रकाशित प्रसिद्ध राष्ट्रीय उर्दू साप्ताहिक नई दुनिया के प्रधान संपादक तथा पूर्व राज्यसभा सांसद जनाब शाहिद सिद्दीकी द्वारा संपादित पुस्तक ‘I, Witness’ का एक गरिमामय समारोह में 13 दिसंबर 2025 की शाम मुंबई के इस्लाम जिमखाना में देश की जानी मानी हस्तियों की मौजूदगी में विमोचन समारोह सम्पन्न हुआ। इस बौद्धिक एवं वैचारिक आयोजन में देश की प्रतिष्ठित राजनैतिक, सामाजिक, साहित्यिक और पत्रकारिता जगत की अनेक हस्तियों के मंचासीन होने से मंच का गौरव बढ़ाने के साथ मंच की शोभा को विशेष ऊँचाई प्राप्त हुई।

समारोह के मुख्य अतिथियों में सुप्रसिद्ध फिल्मकार महेश भट्ट, वरिष्ठ पत्रकार कुमार केतकर, प्रधानमंत्री के विश्वस्त सहयोगी एवं समाजसेवी ज़फ़र सरेशवाला, केंद्रीय राज्य मंत्री जयंत चौधरी, प्रख्यात पटकथा लेखक व अभिनेता पंडित अतुल तिवारी, टाइम्स ऑफ़ इंडिया से जुड़े वरिष्ठ पत्रकार वजीह उद्दीन तथा मुंबई की प्रतिष्ठित शख़्सियत आसिफ़ फ़ारूक़ी शामिल रहे। सभी गणमान्य अतिथियों ने अपने संबोधनों में पुस्तक के वैचारिक महत्व और शाहिद सिद्दीकी के पत्रकारिता में योगदान की सराहना की। विशेष रूप से फिल्मकार महेश भट्ट और लेखक शाहिद सिद्दीकी के वक्तव्यों को श्रोताओं से भरपूर मुक्त कंठ से प्रशंसा मिली।

इस अवसर पर मुंबई की जानी-मानी राजनैतिक, सामाजिक और पत्रकारिता जगत की हस्तियों के साथ-साथ विभिन्न समुदायों के सम्मानित नागरिकों ने भी बड़ी संख्या में सहभागिता की। बोहरा समाज के प्रतिनिधियों, विशेषकर शेख़ शब्बीर भाई भोपालवाला के नेतृत्व में बोहरा समुदाय की उल्लेखनीय उपस्थिति ने समारोह की गरिमा को और बढ़ाया।

कार्यक्रम में कांग्रेस पार्टी के प्रवक्ता निज़ामुद्दीन राइन, वरिष्ठ पत्रकार जावेद जमालुद्दीन जावेद, ज़ी सलाम के मुंबई प्रतिनिधि अमजद साहब, मौलाना आज़ाद एकता मंच से जुड़े प्रमुख पदाधिकारी मोहम्मद यूसुफ़ अंसारी (औरंगाबाद), शाहिद सिद्दीकी साहब के निकटमित्र, प्रख्यात लेखक एवं पत्रकार सैयद नईम नक़वी, कांग्रेस नेत्री रुख़साना अंसारी, रिज़वी फ़ाउंडेशन की प्रतिनिधि शाइस्ता शेख़, समाजसेवी प्रोफेसर ए.जी. अय्यर सहित अनेक गणमान्य नागरिकगण उपस्थित रहे।

इस भव्य आयोजन के सफल आयोजन व संचालन में अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय, अलीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. रेहान अख़्तर की विशेष भूमिका रही, जिन्होंने कई बार मुंबई का दौरा कर कार्यक्रम को सुव्यवस्थित रूप से सफलता की पायदान पर पहुंचाया।

पुस्तक के लेखक एवं देश के प्रख्यात पत्रकार जनाब शाहिद सिद्दीकी ने प्रोफेसर डॉ. रेहान अख़्तर, फ़ैज़ान सिद्दीकी, अशरफ़ क़ुरैशी और उनकी पूरी टीम के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी निष्ठापूर्ण मेहनत ने इस विमोचन समारोह को यादगार बना दिया।

समारोह में प्रोफेसर ज़ीनत शौकत अली, सैयद आरिफ़, कॉरपोरेटर व व्यवसायी नासिर जमाल, डॉ. उम्मीद मुराद एवं उनकी पत्नी डॉ. सबीन अहसन, वरिष्ठ पत्रकार ताहिरा अहसन सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति को भी जनाब शाहिद सिद्दीकी ने अपने लिए गौरव का विषय बताया।

अपने विचार व्यक्त करते हुए जनाब शाहिद सिद्दीकी ने कहा कि राष्ट्रीय इतिहास को दर्ज करने के इस प्रयास पर इस्लाम जिमखाना में विद्वानों की भागीदारी और प्रोत्साहन ने इस आयोजन को ऐतिहासिक और अविस्मरणीय क्षण में बदल दिया।

कार्यक्रम के समापन पर अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय अलीगढ़ के  प्रोफेसर डॉ. रेहान अख़्तर के निर्देश पर जनाब फ़ैज़ान सिद्दीकी ने धन्यवाद ज्ञापित किया और सभी सम्मानित उपस्थित जनों और अतिथियों को स्नेहिल हाई-टी के लिए सादर आमंत्रित किया। जनाब शाहिद सिद्दीकी ने प्रत्येक उपस्थित जनों से आत्मीय भेंट कर सभी का अभिवादन किया।

By nit