मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

पुलिस अधीक्षक छिंदवाड़ा अजय पांडे के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक आशीष खरे के मार्गदर्शन तथा एसडीओपी जुन्नारदेव सुनील बरकडे और थाना प्रभारी जुन्नारदेव के नेतृत्व में—पुलिस चौकी अंबाडा के उप निरीक्षक संजय सोनवानी, प्र.आर. शिववती और आर. अमित द्वारा राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के अंतर्गत तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत आज दिनांक 04/12/2025 को शैक्षणिक संस्थानों के 100 मीटर दायरे में तंबाकू उत्पाद बेचने वालों तथा सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की गई और जुर्माना लगाया गया।
इस अभियान का मुख्य उद्देश्य युवाओं को तंबाकू जैसे घातक नशे से दूर रखना तथा समाज को स्वस्थ जीवन के लिए प्रेरित करना है। सार्वजनिक स्थलों पर धूम्रपान करने वालों को न केवल दंडित किया गया, बल्कि उन्हें तंबाकू से होने वाले गंभीर दुष्परिणामों की जानकारी भी दी गई और भविष्य में इससे दूर रहने की समझाइश दी गई।
अधिकारियों ने बताया कि तंबाकू सेवन से कैंसर, हृदय रोग, फेफड़ों की गंभीर बीमारियाँ और असमय मृत्यु का खतरा कई गुना बढ़ जाता है। खासकर युवा वर्ग तेज़ी से इसकी चपेट में आ रहा है, जो समाज के लिए अत्यंत चिंता का विषय है। इसी वजह से यह अभियान लगातार चलाया जा रहा है।
अधिकारियों ने आम नागरिकों, दुकानदारों और विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं भी तंबाकू से दूरी बनाएं और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आने वाले समय में भी ऐसे अभियान निरंतर जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। तंबाकू मुक्त समाज ही स्वस्थ और समृद्ध समाज की आधारशिला है।

