मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र में मंगलवार को एक दर्दनाक घटना सामने आई, जहाँ 22 वर्षीय युवती की गला रेतकर हत्या कर दी गई। खेत में शव मिलने की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुँची। एसपी राजेश द्विवेदी ने पुलिस अधिकारियों के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया और जल्द खुलासे के निर्देश दिए।
थानाध्यक्ष उमेश कुमार मिश्रा ने पुलिस टीम के साथ आरोपी शेर सिंह उर्फ शेरा (19 वर्ष), निवासी ग्राम गोटिया, को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से रक्तरंजित आल्हा कातिल (बांका), हरा दुपट्टा, पाँच रक्तरंजित सिक्के तथा घटना के समय पहने खून से सने कपड़े बरामद किए।
पूछताछ में आरोपी भाई ने बताया कि मृतका मैना उसकी बहन थी। कई जगह शादी का प्रयास किया गया था, लेकिन मैना हर बार शादी से मना कर देती थी। परिजनों के अनुसार मैना अपने मोबाइल से कई अंजान नंबरों पर बात करती थी। पूछने पर भी उसने जानकारी नहीं दी, जिससे परिवार परेशान रहने लगा।
घटना वाले दिन सुबह 9 बजे आरोपी खेत पर काम कर रहा था। उसी समय मैना वहाँ पहुँची और अपना मोबाइल वापस माँगने लगी। आरोपी ने देने से मना किया तो दोनों के बीच कहासुनी हो गई।
इसी दौरान मैना ने कहा कि वह परिवार जहां शादी करना चाहता है, वहाँ शादी नहीं करेगी। इस बात पर आरोपी को गुस्सा आ गया। गुस्से में उसने खेत में पड़ा बांका उठाकर मैना की गर्दन पर कई वार कर दिए, जिससे वह मौके पर ही मौत हो गई।

