मध्यप्रदेश स्थापना दिवस पर प्रदेश को मिलेगी नई सौगात — शुरू होगी ‘पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ | New India Times

जमशेद आलम, ब्यूरो चीफ, भोपाल (मप्र), NIT:

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि मध्यप्रदेश स्थापना दिवस के अवसर पर प्रदेश को ‘पीएम श्री पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ की महत्वपूर्ण सौगात मिल रही है। एक नवंबर को भोपाल से उज्जैन के लिए हेलीकॉप्टर रवाना होगा। यह सांकेतिक शुरुआत होगी, जबकि नवंबर माह में ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए नियमित सेवा प्रारंभ कर दी जाएगी।

इस सेवा की विशेषता यह है कि मध्यप्रदेश पर्यटन विभाग के माध्यम से यात्रियों को आवास और स्थानीय परिवहन की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी। प्रदेश में तीन क्षेत्रों में यह हेलीकॉप्टर सेवा संचालित होगी। साथ ही, प्रदेश के 9वें एयरपोर्ट उज्जैन के लिए एक नवंबर को अनुबंध संबंधी कार्यवाही भी पूरी की जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने मंगलवार शाम समत्व भवन (मुख्यमंत्री निवास) में मध्यप्रदेश स्थापना दिवस कार्यक्रमों की तैयारियों की समीक्षा बैठक में यह जानकारी दी।

उन्होंने बताया कि —
🔹 पहला क्षेत्र: भोपाल, उज्जैन, इंदौर, मांडव और ओंकारेश्वर।
🔹 दूसरा क्षेत्र: नर्मदापुरम का पचमढ़ी, छिंदवाड़ा का तामिया और छतरपुर का विश्व धरोहर स्थल खजुराहो।
🔹 तीसरा क्षेत्र: जबलपुर से कान्हा, पेंच और पन्ना राष्ट्रीय उद्यान तक।
तीनों हेलीकॉप्टर सेवाएं नवंबर माह में नियमित रूप से शुरू कर दी जाएंगी।

स्थापना दिवस पर होगा “सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य” का भव्य मंचन भोपाल के लाल परेड ग्राउंड पर 2 और 3 नवंबर की शाम ‘सम्राट विक्रमादित्य महानाट्य’ का मंचन किया जाएगा। एक नवंबर को उद्योग विभाग की ओर से निवेश संबंधी दो वर्ष की उपलब्धियों पर प्रदर्शनी लगाई जाएगी और ‘वॉश ऑन व्हील्स’ ऐप लॉन्च किया जाएगा। इन सभी कार्यक्रमों की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

समीक्षा बैठक में वरिष्ठ विधायक और प्रदेश अध्यक्ष श्री हेमंत खंडेलवाल, संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी, भोपाल के सांसद श्री आलोक शर्मा, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, श्री भगवानदास सबनानी, महापौर श्रीमती मालती राय, अपर मुख्य सचिव, मुख्यमंत्री कार्यालय श्री नीरज मंडलोई सहित अनेक जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.