तारिक़ खान, ब्यूरो चीफ, रायसेन (मप्र), NIT:

रायसेन जिले की तहसील बरेली में शुक्रवार सुबह एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई। नगर पालिका की कचरा गाड़ी जब रोज़ाना की तरह कचरा संग्रहण कर रही थी, तभी उसमें से नवजात बच्ची के रोने की आवाज़ सुनाई दी। कर्मचारियों ने जैसे ही गाड़ी रोकी और कचरे को खंगाला तो उसमें एक नवजात शिशु मिली। तत्काल गाड़ी चालक व अन्य कर्मचारियों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और बच्ची को बरेली सिविल अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने बताया कि बच्ची फिलहाल सुरक्षित है और उसकी हालत स्थिर बनी हुई है।
सूचना मिलते ही पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। बच्ची को कचरे में किसने और क्यों फेंका, इसका पता लगाने के लिए पुलिस अब नगर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। लोगों का कहना है कि यह अमानवीय कृत्य समाज के लिए एक शर्मनाक उदाहरण है। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि बच्ची की पूरी देखभाल की जाएगी और दोषियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा।

