मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

नई दिल्ली में लोकसभा के नेता विपक्ष राहुल गाँधी ने अखिल भारतीय आदिवासी काँग्रेस के अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात एवं झारखण्ड के प्रमुख आदिवासी सांसदों, विधायकों एवं लोकसभा का चुनाव लड़े प्रत्याशियों के साथ एक महत्वपूर्ण बैठक की। बैठक में गाँधी ने आदिवासी नेताओं से साफ साफ कहा कि काँग्रेस पार्टी आप लोगों को और अधिक प्रभावी प्रतिनिधित्व देने जा रही है, अब आप लोगों की ज़िम्मेदारी है कि आप आदिवासी समाज मे प्रभावशाली नेतृत्व को तैयार कर उन्हें आगे बढ़ने का अवसर प्रदान करें।
जिससे कि आदिवासी समाज की समस्याओं को प्रभावी तरीके से सामने लाकर उन समस्याओं को हल कराने की दिशा में उचित कदम उठाया जा सके। उपरोक्त बैठक में छिन्दवाड़ा जिले की जुन्नारदेव विधानसभा के विधायक सुनील उईके ने अपनी विज्ञप्ति में बताया कि श्री गाँधी ने बैठक में सम्मिलित आदिवासी नेताओं को दो दो बार अपनी बात को विस्तार से रखने का अवसर देते हुए अपनी ओर से हमे बहुमूल्य मार्गदर्शन भी दिया और कहा कि आदिवासी भारत के पहले मालिक है, उनकी पीड़ा, समस्याओं और संघर्ष को समझकर उनके जल, जंगल, जमीन और अधिकारों पर हो रहे हमलों के खिलाफ आवाज उठाने के लिए मैं हमेशा समर्पित हूँ।
गौरतलब है कि सोमवार को 10 जनपथ नई दिल्ली में अखिल भारतीय आदिवासी काँग्रेस के अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया के नेतृत्व में मध्यप्रदेश, राजस्थान, गुजरात एवं झारखंड के आदिवासी सांसदों, विधायकों एवं सांसद का चुनाव लड़े प्रत्याशियों ने लोकसभा में नेता विपक्ष राहुल गाँधी द्वारा बुलाई गई महत्वपूर्ण बैठक में शिरकत की जिसमें मध्यप्रदेश से डॉ विक्रांत भूरिया के साथ पूर्व मंत्री मरकाम, प्रदेश आदिवासी काँग्रेस अध्यक्ष एवं बैतूल से सांसद का चुनाव लड़े रामु टेकाम एवं जुन्नारदेव विधायक सुनील उईके शामिल थे। बैठक के उपरांत एक ओर जहां मध्यप्रदेश के प्रतिनिधि मंडल ने श्री गाँधी को एक चित्र भेंट किया वही दूसरी ओर विधायक सुनील उईके ने उन्हें आदिवासी संस्कृति के प्रतीक पीला गमछा ओढ़ाकर उनका सम्मान किया। श्री राहुल गाँधी के साथ महत्वपूर्ण बैठक कराने के लिए प्रतिनिधि मंडल में सम्मिलत सभी आदिवासी नेताओं ने डॉ विक्रांत भूरिया को धन्यवाद देते हुए उनका एवं राहुल गाँधी का आभार माना है।

