आशिफ शाह, ब्यूरो चीफ भिंड (मप्र), NIT:

आलमपुर थाना क्षेत्र के ग्राम ररूआ नंबर 02 में एक दर्दनाक हादसा हो गया, गाँव में बच्चीलाल बघेल के घर गैस सिलेंडर से अचानक आग लग गई। घर में उनकी बेटी रश्मि बघेल की शादी की तैयारियाँ चल रही थी। आज मंडप का कार्यक्रम था और शाम को फलदान लेकर उत्तरप्रदेश के कालपी तहसील के कोहन गांव जाना था, आग इतनी भयावह थी कि पूरा दहेज का सामान, घर में रखा अनाज, तीन लाख रुपए नकद और जेवरात जलकर खाक हो गए। कुल मिलाकर लगभग 15 लाख रुपए का नुकसान हुआ है।
इस हादसे में रश्मि बघेल के मामा के दो बच्चे भी झुलस गए, जिन्हें गंभीर हालत में ग्वालियर अस्पताल में भर्ती कराया गया है, स्थानीय लोगों के अनुसार आग बहुत तेजी से फैली, जिससे किसी को भी कुछ बचाने का मौका नहीं मिला। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और पुलिस मौके पर पहुँची, लेकिन तब तक घर पूरी तरह जल चुका था, इस घटना ने शादी की खुशियों को गहरे दुख में बदल दिया है। पीड़ित परिवार को तत्काल सरकारी सहायता की आवश्यकता है।

