अशफ़ाक़ क़ायमखानी, ब्यूरो चीफ, जयपुर (राजस्थान), NIT:

बाडमेर-जैसलमेर लोकसभा चुनाव में प्रचार से लेकर मतदान तक दो बिरादरियों के सोशल मीडिया में अपने अपने बिरादरी से तालुक रखने वाले उम्मीदवारों को लेकर पहले तनाव व फिर मतदान के समय कुछ जगह टकराव होने को लेकर जिला प्रशासन ने सख्ती व समझदारी दिखाते हुये काफी हदतक कंट्रोल किया। लेकिन मतदान के अगले दिन आज निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र सिंह भाटी के बालोतरा एसपी दफ्तर के सामने प्रदर्शन करने के बाद दोनों बिरादरी में थोड़ा तनाव होता देखा जा रहा है।

निर्दलीय प्रत्याशी रविंद्र भाटी व कांग्रेस नेताओं में आरोप प्रत्यारोप के मध्य जब रविंद्र भाटी आज एसपी दफ्तर के बाहर प्रदर्शन कर रहे थे तब उन्हें माफिया द्वारा लाईव धमकी मिलने से तनाव बनने के बाद कांग्रेस विधायक हरीश चोधरी को भी सोशल मीडिया पर धमकी मिली है। दोनों धमकियों की पुलिस जांच कर रही है। सद्भावना से ओतप्रोत बाडमेर क्षेत्र में दो बिरादरियों के मध्य चुनाव को लेकर तनाव बढ़ना या बढ़ाना ठीक नहीं माना जा रहा है।
बाडमेर लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार उम्मेदाराम बेनीवाल व भाजपा उम्मीदवार कैलाश चोधरी दोनों जाट बिरादरी से तालुक रखते हैं। लेकिन निर्दलीय चुनाव लड़ रहे वर्तमान शिव विधायक रविंदर सिंह भाटी के चुनाव लड़ने से चुनाव बड़ा रोचक व बिरादरी वाद की तरफ चला गया। भाटी राजपूत बिरादरी से तालूक रखते हैं।
कुल मिलाकर यह है कि मतदान के दिन कुछ जगह रविंद्र भाटी (राजपूत) व उम्मेदाराम बेनीवाल (जाट) के समर्थकों मे झड़पे होने पर पुलिस कार्यवाही कर रही है। जबकि दोनों उम्मीदवार एक दुसरे पर आरोप लगा रहे हैं। चुनाव में कांग्रेस व निर्दलीय उम्मीदवार के मध्य टक्कर बताई जा रही है। जबकि भाजपा उम्मीदवार का दौड़ में पिछड़ना माना जा रहा है।
