संदीप शुक्ला, ग्वालियर/झांसी, NIT;
डबरा जिला के ओरछा नगर के आजादपुरा कुम्हर्रा मार्ग पर मंगलवार की शाम को झाँसी से ओरछा आ रहे दंपत्ति पर कार में सवार अज्ञात हमलावरो ने अंधाधुंध फायरिंग की जिससे पति के हाथ में गोली लगी। घायल अवस्था में युवक को उपचार के लिये मेडिकल कॉलेज झाँसी में भर्ती कराया गया है।
नाराई चौकी प्रभारी रामसेवक झा ने मीडिया को बताया कि मंगलवार शाम 5 बजे ग्राम कुम्हर्रा आजादपुरा मार्ग पर जगदीश अहिरवार पुत्र रमेश अहिरवार उम्र 28 वर्ष निवासी रानी लक्ष्मीबाई नगर प्रेमनगर झाँसी अपनी पत्नी पूजा के साथ मोटरसाइकिल से ओरछा घूमने आ रहा था कि पुलिया के पास एक सफेद रंग की कार तेज रफ़्तार में उससे सटकर निकली जिससे उसकी मोटर साइकिल का संतुलन बिगड़ गया। गाड़ी खड़ी करते ही कार से उतरकर दो अज्ञात हमलावरों ने जगदीश पर लोहे की रॉड व देशी कट्टे से हमला कर दिया जिससे जगदीश के बाये हाथ में गोली लगी और सिर में लोहे की रॉड से गम्भीर चोट लगने से वह मरणासन्न अवस्था में जमीन पर गिर पड़ा। उसकी पत्नी पूजा ने रोड से निकल रहे एक आपे चालक की मदद से जगदीश को घायल अवस्था में मेडिकल कॉलेज झाँसी में उपचार के लिये भर्ती कराया। पूजा अहिरवार द्वारा पुलिस को दी गई हमले की घटना की जानकारी के आधार पर धारा 307 ,34 आई पी सी तथा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अज्ञात हमलावरों के खिलाफ मामला दर्ज कर घटना की विवेचना शुरू कर दी गई है।
