मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर की उभरती हुई प्रतिभाओं को निखारने और उन्हें मंच प्रदान करने के उद्देश्य से मध्य प्रदेश उर्दू अकैडमी, (संस्कृति विभाग) भोपाल के निर्देश अनुसार सिलसिला ज़िला अदब गोशा बुरहानपुर का 16 वां कार्यक्रम 24 सितम्बर 2022 को स्थानीय पुल का मदरसा गांधी चौक बुरहानपुर में संपन्न हुआ। इस कार्यक्रम की जानकारी इस प्रतिनिधि को देते हुए मध्य प्रदेश उर्दू अकैडमी भोपाल के द्वारा नियुक्त स्थानीय कार्यक्रम संयोजक एवं बुरहानपुर के प्रख्यात शायर श्री शऊर आशना ने बताया कि यह आयोजन दो सत्रों में संपन्न हुआ। उन्होंने बताया कि इस आयोजन में ऐसे शायरों,फनकारों ने भाग लिया, जिन्हें मध्य प्रदेश उर्दू अकैडमी भोपाल के माध्यम से आयोजित होने वाले कार्यक्रम में जाने का और अपनी प्रतिभाओं को मंचित करने का अवसर नहीं मिल पाता है। उर्दू अकैडमी भोपाल के स्थानीय कार्यक्रम संयोजक एवं शायर शऊर आशना ने बताया कि प्रथम सत्र में सेवा सदन महाविद्यालय बुरहानपुर के उर्दू विभागाध्यक्ष डॉक्टर एस एम शकील की अध्यक्षता में सेमिनार आयोजित किया गया। इसमें डॉक्टर जहीर अहमद ने बुरहानपुर में उर्दू की नमूद और हुब्बुल वतनी शीर्षक पर,, प्रोफेसर अल्ताफ अंसारी ने बुरहानपुर के शायरों की शायरी में देश प्रेम और एकता के शीर्षक पर अपना शोध पत्र प्रस्तुत किया। वही युवा अफसाना निगार (कथाकार) शब्बीर अहमद रोशन (फाइन टेलर) ने अपनी स्वरचित रचना भाई का फ़र्ज़ पेश की। द्वितीय सत्र में मुशायरे का आयोजन सामाजिक कार्यकर्ता मसूद गोटे वाला की अध्यक्षता में संपन्न हुआ। इसमें मुख्य अतिथि के रूप में डॉक्टर एसएम तारिक ने एवं सम्मानीय अतिथि के रूप में मुशर्रफ़ ख़ान, एडवोकेट मनोज अग्रवाल, मास्टर फजलुर रहमान, सैयद जूजर अली, और नूर क़ाज़ी ने शिरकत की। इस कार्यक्रम में फैज़ खलीकी, एजाज उम्मीदी, सैयद रियासत अली रियासत, महबूब परवाज़, खलील असद, मोहम्मद अली हिलाल, वरिष्ठ हिंदी कवि एवं गीतकार ठाकुर वीरेंद्र सिंह चित्रकार, ज़ाहिद वारसी, हिंदी के प्रख्यात कवि डाक्टर रमेश चंद्र शर्मा धुआंधार, शऊर आशना, तफजील ताबिश, खालिद अंसारी, बिस्मिल्लाह अदीम, मोइन रौनक, डॉक्टर फारुक़ राहिल, ज़हीर अनवर,मुख्तार आकिल, हबीब रेहबर,आलम नशतरी, जफर इक़बाल सहित बावीस शायरों और कवियों ने अपनी रचनाओं का पाठ कर प्रबुद्ध श्रोतागणों को आनंदित किया। कार्यक्रम में मसूद रियाज़, अज़हर अंसारी और हिकमत उल्लाह मुकादम ने उल्लेखनीय सहयोग प्रदान किया। इक़बाल कौसैन ने उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।
