पन्ना में सनसनीखेज हमला: सिरफिरे युवक ने युवती पर कट्टे और चाकू से किया जानलेवा हमला, ग्रामीणों ने आरोपी को खंभे से बांधा | New India Times

संदीप तिवारी, ब्यूरो चीफ, पन्ना (मप्र), NIT:

पन्ना में सनसनीखेज हमला: सिरफिरे युवक ने युवती पर कट्टे और चाकू से किया जानलेवा हमला, ग्रामीणों ने आरोपी को खंभे से बांधा | New India Times

पन्ना जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र के लक्ष्मीरपुर गांव में सोमवार सुबह एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। एकतरफा विवाद के चलते एक सिरफिरे युवक ने पड़ोस में रहने वाली 25 वर्षीय युवती पर कट्टे और चाकू से जानलेवा हमला कर दिया।

घटना सुबह करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। युवती अपने घर के पीछे काम कर रही थी, तभी आरोपी विनोद यादव अवैध हथियार लेकर वहां पहुंचा और उस पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। युवती की चीख-पुकार सुनकर उसका भाई आकाश यादव और चाचा उसे बचाने पहुंचे, तो आरोपी ने उन पर भी कट्टे से फायर कर दिया। हालांकि निशाना चूक जाने से दोनों की जान बच गई।

इसके बाद भाई आकाश ने साहस दिखाते हुए आरोपी विनोद को मौके पर ही दबोच लिया। युवती को लहूलुहान हालत में देखकर ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने आरोपी विनोद और उसके पिता भीकम यादव को पकड़कर बिजली के खंभे से बांध दिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी।

सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद दोनों को भीड़ से छुड़ाकर हिरासत में लिया। गंभीर रूप से घायल युवती को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल से रीवा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है।

पुलिस ने हत्या के प्रयास समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article