नल-जल मिशन की हकीकत: कनेक्शन लगे, पर वार्ड नंबर 2 में पानी की एक बूंद नहीं | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

नल-जल मिशन की हकीकत: कनेक्शन लगे, पर वार्ड नंबर 2 में पानी की एक बूंद नहीं | New India Times

सरकार की महत्वाकांक्षी नल-जल मिशन योजना का लाभ ग्रामीणों तक नहीं पहुंच पा रहा है। जुन्नारदेव क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पंचायत डुंगरिया के वार्ड नंबर 2 में योजना की स्थिति बेहद चिंताजनक बनी हुई है। यहां कई घरों में नल कनेक्शन तो दे दिए गए हैं, लेकिन पानी की आपूर्ति अब तक शुरू नहीं हो सकी है।
वार्ड निवासी देवकी बाई ने बताया कि उनके घर सहित आसपास के मकानों में नल-जल मिशन के तहत कनेक्शन लगाए गए हैं, लेकिन नलों में पानी नहीं आ रहा है। उन्होंने कहा कि आसपास के कुछ क्षेत्रों में पानी की आपूर्ति हो रही है, जबकि उनके वार्ड में एक बूंद भी नहीं पहुंच रही, जिससे गर्मी के इस मौसम में लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि वार्ड में कई घर ऐसे भी हैं, जहां अब तक नल कनेक्शन ही नहीं लगाए गए हैं। राजेश केथवास, कैलाश व्यास और सूरज व्यास सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि अधूरी व्यवस्था के कारण योजना का पूरा लाभ नहीं मिल पा रहा है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि योजना का क्रियान्वयन सही तरीके से नहीं हो रहा है, जिससे लोगों को पीने के पानी के लिए दर-दर भटकना पड़ रहा है। उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द समस्या का समाधान कर सभी घरों तक नियमित जल आपूर्ति सुनिश्चित की जाए, ताकि नल-जल मिशन योजना का वास्तविक लाभ ग्रामीणों को मिल सके।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article