मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

रक्षा बंधन के पावन अवसर पर ताप्ती सेवा समिति की अध्यक्ष श्रीमती सरिता राजेश भगत के नेतृत्व में समिति के सदस्यों ने शहर में ड्यूटी पर तैनात पुलिस कर्मियों को राखी बांधकर उनका सम्मान किया और उनके निरंतर कर्तव्यपालन के लिए आभार व्यक्त किया।
रक्षा बंधन पर्व का यही विशेष महत्व है कि इस दिन भाई अपनी बहन की सदा रक्षा के लिए प्रतिज्ञाबद्ध रहता है। उसी प्रकार, ड्यूटी पर तैनात हमारे पुलिस कर्मी भाई दिन-रात निरंतर असामाजिक तत्वों से बहनों और माताओं की रक्षा करते हैं। इसीलिए आज के दिन, हम सभी बहनों की सुरक्षा के लिए तैनात इन सिपाही भाइयों के प्रति भी कृतज्ञता व्यक्त करना अपना धर्म और कर्तव्य मानते हैं।
समिति की महिला सदस्यों ने पुलिस थाना, यातायात चौकी तथा विभिन्न चौक-चौराहों पर पहुँचकर अपने हाथों से राखी बांधी, मिठाई खिलाई और उनका उत्साह बढ़ाया। पुलिस अधिकारियों एवं जवानों ने इस पहल को सराहते हुए कहा कि यह सम्मान उनके कर्तव्य पालन में और अधिक प्रेरणा प्रदान करेगा।

