मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

ऑल इण्डिया हज वेलफेयर सोसायटी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकीत ख़ान खंडवा ने बताया कि दिल्ली राज्य इकाई का पुनर्गठन कर हज मालूमात ग्रुप, दिल्ली के खिदमतगार शकील अहमद को दिल्ली राज्य हज वेलफेयर सोसायटी का अध्यक्ष नियुक्त किया है। बता दें कि दिल्ली हज मालूमात ग्रुप भारत के सोशल मीडिया पर किसी परिचय का मोहताज नहीं है। शकील अहमद अपने ग्रुप के ज़रिये से गुज़िशता कई सालों से हिंदुस्तान से जाने वाले आज़मीन को हज से मुताल्लिक एक-एक मालूमात सोश्यल मीडिया के ज़रिये से मुहैय्या करा रहे हैं। आप आज़मीन के लिए हज तरबियती कैम्प का इनएकाद भी करते हैं और हाजियों के सामने आने वाली परेशानियाँ हज कमेटी के सामने रख उन्हें दूर करवाने में अपना तआवुन भी देते आ रहे हैं। हज सफ़र की रवानगी के वक़्त हज हाऊस दिल्ली व एयरपोर्ट पर भी अपने ग्रुप के साथियों के साथ खिदमत अंजाम देते आ रहे हैं। इस नियुक्ति पर सोसायटी की राष्ट्रीय, प्रदेश व ज़िला कार्यकारिणी के सभी ज़िम्मेदारों, शुभचिंतकों और हितैषियों ने शकील अहमद को मुबारकबाद पेश करते हुए दुआ के साथ अपेक्षा की है कि वह अपनी टीम के साथ पूरे जज्बे से हाजियों की खिदमत का काम करेंगे।
