मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

मतगणना कार्य में संलग्न समस्त अधिकारियों एवं कर्मचारियों कोे परिचय पत्र जारी किये जाये, साथ ही सभी को अपने-अपने कार्यदायित्वों के संबंध में प्रशिक्षित भी करें। यह निर्देश शनिवार को बुरहानपुर कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री भव्या मित्तल ने बैठक में दिये। लेख है कि विधानसभा आम निर्वाचन-2023 अंतर्गत 3 दिसम्बर, 2023 दिन रविवार को जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डाईट) बहादरपुर में मतगणना होना है। मतगणना तैयारियों के संबंध में संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री मित्तल ने अधिकारियों की बैठक ली। उन्होंने रिटर्निंग ऑफिसर बुरहानपुर एवं नेपानगर को निर्देशित किया कि निर्वाचन आयोग के मतगणना संबंधी दिशा-निर्देशों का अच्छे से अध्ययन करना सुनिश्चित करें। कार्य में संलग्न समस्त कर्मचारियों को परिचय पत्र प्रदाय किये जाये। कंट्रोल रूम सहित मोबाईल काउंटर भी तैयार किया जाये।
जिला निर्वाचन अधिकारी ने मतगणना तैयारियों के संबंध में विभिन्न अधिकारियों को सौंपे गये कार्य-दायित्वों की बारी-बारी से समीक्षा करते हुए, समय-सीमा में तैयारियाँ पूर्ण करने के निर्देश दिये। अधिकारियों को पीपीटी के माध्यम से मतगणना संबंधी कार्यों की विस्तृत रूप से जानकारी दी गई। बैठक में अपर कलेक्टर श्री शंकरलाल सिंगाड़े, अपर कलेक्टर श्री वीरसिंह चौहान, रिटर्निंग ऑफिसर बुरहानपुर श्रीमति पल्लवी पुराणिक, रिटर्निंग ऑफिसर नेपानगर श्री अजमेर सिंह गौड सहित अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

