मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

एमआईएम द्वारा भड़काउ भाषण दिए जा रहे हैं, लेकिन इससे न तो शहर की फिज़ा बिगड़ रही है न ही बिगड़ने वाली है। शहर की जनता सब जानती है। एमआईएम की जो पतंग उड़ रही है, उसका मांजा किसके हाथ में है, जनता जानती है। पतंग उड़ने से, भड़काउ भाषण देने से फायदा कौन उठाना चाहता है यह भी सभी को पता है।
यह बात निर्दलीय प्रत्याशी हर्षवर्धन सिंह चौहान ने मंगलवार को अपने जनसंर्पक के दौरान मीडिया से चर्चा करते हुए कही। उन्होंने कहा- पतंग भी कटेगी और मांजा उड़ाने वाले लोग भी बेनकाब होंगे। दोनों ही तबकों से कहना चाहता हूं कि महापौर चुनाव में क्या हुआ था। एआईएमआईएम ने नगर निगम चुनाव में मप्र में दो ही जगह कैंडिडेट उतारे थे। क्या बाकी जगह मुस्लिम नहीं रहते या वहां उन्हें अन्य प्रेम नहीं। यह भड़काउ भाषण दे रहे हैं कि इस भड़काउ भाषण से फायदा बीजेपी को हो, लेकिन जनता जानती है कि मांजा किसके हाथ में है। यह खेल पुराना होने वाला है। यह खेल खेलकर अपना वक्ता ज़ाया न करें। वहीं भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव द्वारा चूहा कहे जाने पर हर्षवर्धन ने कहा-विजयवर्गीय जी बड़े नेता हैं और बड़े नेताओं को कार्यकर्ताओं को चूहे, कीड़े मकोड़े की तरह ही नज़र आते हैं।
जनसंपर्क के दौरान बड़ी संख्या में माताओं और बहनों ने हर्षवर्धन को तिलक लगाकर माला पहनाई। आरती उतारी और जीत का आशीर्वाद दिया। वार्ड के युवाओं ने गर्मजोशी के साथ हर्षवर्धन का स्वागत किया।
हर्षवर्धन सिंह चौहान ने मंगलवार को इन वार्डों में किया जनसंपर्क
निर्दलीय प्रत्याशी हर्षवर्धन नंदकुमार सिंह चौहान ने मंगलवार सुबह 9 बजे नेहरु नगर से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। 10 बजे महाजना पेठ, 11.30 बजे तिलक वार्ड, 12.30 बजे शाह बाज़ार, 1 बजे डॉ अम्बेडकर वार्ड, 2 बजे चाचा फकीरचंद वार्ड में जनसंपर्क किया। इसके बाद शाम 5 बजे सिलमपुरा बुलेट शोरुम से मिलिंद नगर, प्रतापपुरा, शाम 6 बजे महर्षि दयानंद वार्ड, शाम 7.30 बजे शिकारपुरा होते हुए पानी की टंकी के पास जनसंपर्क अभियान का समापन हुआ।
