फैय्याज़ खान, पाली (राजस्थान), NIT:

राजस्थान भीम सेना चुनाव में ऊंट किस करवट बैठेगा उसका अनुमान लगाना बहुत ही मुश्किल है। लेकिन भीम सेना प्रमुख नवाब सतपाल तंवर की मारवाड़ में दस्तक से हाथी ने रफ्तार पकड़ ली है। वहीं चुनाव लड़ रहे दलों का राजनीतिक गणित गड़बड़ा गया है। तंवर पहले ही राजस्थान और मध्य प्रदेश विधानसभा चुनावों में बहुजन समाज पार्टी को अपना बिना शर्त खुला समर्थन कर चुके हैं। अब शनिवार 4 नवंबर को सतपाल तंवर पाली के मारवाड़ जंक्शन विधानसभा में सुबह 10 बजे आउवा रोड़ स्थित उम्मेद वाटिका पहुंच रहे हैं। इस दौरान तंवर 3 दिवसीय मारवाड़ दौरे पर हैं। ऐसे में विरोधी राजनीतिक दलों के पसीने छूट रहे हैं और बसपा को फायदा पहुंच रहा है।
भीमसेना प्रमुख नवाब सतपाल तंवर शनिवार को मारवाड़ जंक्शन विधानसभा से बहुजन समाज पार्टी की महिला प्रत्याशी गजराज कंवर को समर्थन देने और उनका नामांकन कराने हवाई मार्ग से आ रहे हैं। नामांकन से पहले सतपाल तंवर 3 नवम्बर को दोपहर 2:30 बजे जोधपुर हवाई अड्डा पहुंचेंगे। यहां सड़क मार्ग से होते हुए शाम तक सतपाल तंवर पाली में दाखिल हो जाएंगे। वे अगले दिन शनिवार 4 नवम्बर को सुबह 10 बजे आउवा रोड़ स्थित उम्मेद वाटिका में जनसभा को संबोधित करेंगे। साथ ही बसपा कार्यालय का उद्घाटन भी करेंगे और विशाल रोड़ शो के साथ बसपा प्रत्याशी गजराज कंवर का नामांकन दाखिल कराएंगे। इसके बाद शाम को ही सड़क मार्ग से तंवर बालोतरा के लिए रवाना हो जाएंगे। अगले दिन 5 नवम्बर को वे बालोतरा के टाउन हॉल में बाबा साहब अम्बेडकर की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित करेंगे।
भीम सेना के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष नवाब सतपाल तंवर के मारवाड़ दौरे से भीम सेना के कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर है और उनके स्वागत की तैयारियां जोरों-शोरों से चल रही हैं। चुनाव से ठीक पहले मारवाड़ में भीम सेना के चीफ नवाब सतपाल तंवर की दस्तक से राजनीतिक दलों का चुनावी गणित बुरी तरह से गड़बड़ा गया है। बहुजन समाज पार्टी सीधे तौर पर कांग्रेस और भाजपा को चुनौती दे रही है। वहीं दलित-राजपूत समीकरण कहीं ना कहीं बसपा प्रत्याशी गजराज कंवर के हक में आता हुआ दिखाई दे रहा है। मारवाड़ जंक्शन विधानसभा में तंवर की सीधी एंट्री से दूसरे पायदान पर चल रही भाजपा खिसकती नजर आ रही है। कांग्रेस और बसपा के बीच कांटे का मुकाबला हो चला है।
