मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, ब्यूरो चीफ, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

बुरहानपुर विधानसभा क्षेत्र के सिटिंग एमएलए ठाकुर सुरेन्द्र सिंह उर्फ़ शेरा भैय्या का कांग्रेस आलाकमान द्वारा टिकट फाइनल होने एवं शुक्रवार को उनके दिल्ली से बुरहानपुर लोटने पर रेलवे स्टेशन पर हज़ारों चाहने वालों एवं कार्यकर्ताओं ने ढोल-धमाको एवं आतिशबाज़ी के साथ उनका भव्य स्वागत किया। स्वागत भी ऐसा किया की निमाड़ के जननायक दिवंगत सांसद ठाकुर शिवकुमार सिंह और दिवंगत सांसद ठाकुर महेंद्र सिंह के ज़माने की यादें ताज़ा हो गई। कांग्रेस पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी शेरा भैय्या जैसे ही कोच से उतरे तो उनके स्वागत के लिए जनसैलाब उमड़ पड़ा। रेलवे स्टेशन पर मेले जैसा माहौल लग रहा था। शेरा भैया ने सबसे पहले ट्रेन से उतरते ही बुरहानपुर की पावन माटी को नमन कर सभी देवतुल्य कार्यकर्ताओं को प्रणाम किया और कहा कि “आज से हम सब प्राणपण से अपने कर्तव्य में जुट जाएं और मध्य प्रदेश से 18 साल के कुशासन का अंत करने के लिए कमर कस लें। मध्य प्रदेश में प्रचंड बहुमत से कांग्रेस पार्टी की सरकार बनाएं। साथ ही कहा कि हजारों की संख्या में आए जनसैलाब ने जो यह अद्भुत प्रेम बरसाया, मुझे आशीर्वाद दिया, इसके लिए हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त करता हूं।
