मेहलक़ा इक़बाल अंसारी, बुरहानपुर (मप्र), NIT:

एक बार फिर बीती रात ज़िले में केला फसल को आंधी तूफान, बारिश से नुक़सान पहुंचा है। इसकी जानकारी लगने पर भाजपा नेता हर्षवर्धन नंदकुमार सिंह चौहान ने प्रभावित फसलों का निरीक्षण किया। किसानों को सांत्वना देते हुए जल्द मुआवज़ा राशि दिलाने की बात कही साथ ही उन्होंने मौके से अफसरों को फोन लगाकर भी बात की।
हर्षवर्धन सिंह चौहान ने सोमवार सुबह ग्राम बहादरपुर, नागुलखेड़ा, हतनुर, गव्हाना सहित अन्य गांवों का निरीक्षण कर स्थिति का जायजा लिया। यहां किसानों से नुक़सानी को लेकर चर्चा की। केले की औंधी गिरी फसल देखकर मौके से अफसरों को फोन लगाया। तहसीलदार रामलाल पगारे भी मौके पर पहुंचे। ग्राम बहादरपुर में कुछ मकान भी क्षतिग्रस्त हुए। श्री चौहान ने तहसीलदार श्री पगारे को क्षतिग्रस्त मकानों का भी सर्वे करने की बात कही।
किसानों को मुआवज़ा दिलाने का दिया आश्वासन

बहादरपुर सरपंच प्रतिनिधि विजय उमाले ने बताया कि भाजपा नेता हर्षवर्धन सिंह चौहान किसानों को आश्वासन देते हुए कहा कि इसे लेकर अफसरों से चर्चा हुई है। जिन किसानों का नुक़सान रविवार रात आंधी, तूफान के कारण हुआ है,उसका सर्वे होगा। श्री चौहान ने तहसीलदार से कहा कि कईं किसान ऐसे हैं जिन्होंने बंटाई पर खेत ले रखा था। उन्होंने संबधित व्यक्ति को उसके हिस्से की राशि भी दे दी, लेकिन अब अचानक प्राकृतिक आपदा आने से वह परेशान हो गए हैं। प्रशासन इस स्थिति को समझे और जल्द सर्वे कराकर मुआवज़ा प्रकरण तैयार करें। इस दौरान जिला पंचायत उपाध्यक्ष गजानन महाजन, निवृति भाई, लोकेश भालोदे, अमोल कोटवे, मनोज भेरड़े सहित अन्य मौजूद थे।
