नरेंद्र कुमार, जामनेर/जलगांव (महाराष्ट्र), NIT:

जलगांव जिला अपराध शाखा ने जामनेर से एक 20 साल के युवक को देसी कट्टे के साथ हिरासत में लिया है. मुखबिरो द्वारा मिली जानकारी के आधार पर LCB के प्रभारी किरण कुमार बकाले ने अमोल देवड़े, अशोक महाजन, लक्ष्मण पाटील, विनोद पाटील, किशोर राठौड़, रणजीत जाधव, श्रीकृष्ण देशमुख, ईश्वर पाटील, अशोक पाटील के साथ जामनेर के बोदवड सड़क किनारे एक बियर बार के सामने से कमर पर देसी कट्टा पहने अनुराग लक्ष्मण सुनगत (उम्र 20) को हिरासत में लिया. कट्टे की कीमत 20 हजार रुपये आंकी गई है. जामनेर थाने में आरोपी के खिलाफ शस्त्र अधिनियम 3/25 के तहत मामला दर्ज कर जांच की जा रही है. इस पूरे महीने में जयंती उत्सवों की धूमधाम रहेगी जिसको लेकर कानून व्यवस्था को बनाए रखना प्रशासन की पहली और आखरी प्राथमिकता है. राजनीती से प्रेरित कुछ नेताओं द्वारा किए जा रहे अनर्गल बयानों से सूबे में अप्रिय माहौल बनाने के लिए लगातार जो प्रयास जारी है उन्हें विफल करने के लिए राज्य सरकार ने भी कमर कस ली है.
कब सुलझेगी लूट के मामलों की गुत्थी
26 जनवरी 2022 गणतंत्र दिवस की सुबह अंजान तत्वों द्वारा मुख्य सड़क पर स्थित IDBI बैंक के ATM को काटकर उससे उड़ाए गए 13 लाख रुपए की लूट, 29 जनवरी 2022 को शहर के बीचोबीच स्थित मोहन भुवन से अंजान अपराधियों द्वारा की गई 10 लाख की सेंधमारी, इन दोनों मामलों की गुत्थी अब तक सुलझ नहीं सकी है. सूत्रों के मुताबिक पता चल रहा है कि ATM लूट के अभियुक्त किसी अन्य हिंदी भाषी राज्य की पुलिस द्वारा गिरफ्तार कर सजायाफ्ता है. इस बात को लेकर स्थानीय पुलिस ने कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है. वहीं मोहन भुवन सेंधमारी मामले में जांच को लेकर पुलिस की ओर से कोई सूचना सार्वजनिक नहीं हो सकी है. मामले की गंभीरता को देखते हुए इन दोनों मामलों की जांच LCB को सौंपी जाए इस तरह की मांग जनता द्वारा की गई थी जो बिल्कुल ठीक इस लिए भी थी क्योंकी LCB ने जामनेर में 31 जनवरी 2022 को हुए शुभम माली हत्या मामले के मुख्य अभियुक्त को महज 15 दिनों के भीतर गिरफ्तार कर केस को सुलझा लिया था.
