मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

ससुराल में परिजनों के व्यवहार से असंतुष्ट पत्नी द्वारा परिवार परामर्श केंद्र में गुहार लगाने पर पति को बुलाकर दोनों को सद्भावपूर्वक जीवन निर्वाह की समझाइश देकर उनकी आमने सामने बात कराई गई और दोनों के बीच संयुक्त परिवार से अलग रहने के लिए सहमति बन गई. इसके साथ ही एक अन्य प्रकरण में भी समझौता संपन्न हुआ.
अनुविभागीय अधिकारी पुलिस एस के सिंह के मार्गदर्शन में अधिवक्ता प्रदीप कुमार शर्मा सहित प्रीति श्रीवास्तव के द्वारा उक्त मामलों के अतिरिक्त एक अन्य प्रकरण में समझौते की संभावना प्रतीत नहीं होने के कारण न्यायालय की शरण में जाने की सलाह के साथ प्रकरण नस्तीबद्ध किया गया जबकि शेष तीन प्रकरणों में समझौते की संभावना प्रतीत होने पर पक्षकारों को समझौते के लिए समझाइश देकर आपस में बात करने के लिए समय प्रदान किया गया.
