वी.के.त्रिवेदी, ब्यूरो चीफ, लखीमपुर खीरी (यूपी), NIT:

शनिवार को जिला निर्वाचन अधिकारी (पंंचायत)/ जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन 2021 के अंतर्गत प्रधान-ग्राम पंचायत, सदस्य-ग्राम पंचायत, सदस्य-क्षेत्र पंंचायत व सदस्य जिला पंचायत हेतु मतगणना 2 मई 2021 रविवार को नियत है। उन्होंने बताया कि मतगणना के दिन पल्स ऑक्सीमीटर व थर्मामीटर से टेस्ट करने के उपरांत स्वस्थ पाए जाने पर मतगणना केंद्र में प्रवेश की अनुमति दी जाएगी। हर व्यक्ति मॉस्क लगाकर परस्पर सामाजिक दूरी बनाते हुए मतगणना केंद्र में प्रवेश करेगा। मतगणना टेबल की संख्या कोविड-19 की गाइडलाइंस के दृष्टिगत रखी जाएगी। मतगणना हाल/कक्ष/परिसर में प्रवेश के समय सभी व्यक्तियों की थर्मल स्क्रीनिंग की जाएंगी। सैनिटाइजर साबुन व पानी की व्यवस्था होगी और सभी व्यक्तियों को अपने हाथ सैनीटाइज करने होंगे। जिस व्यक्ति को कोविड-19 के लक्षण जैसे-बुखार, जुखाम आदि हो उसे मतगणना स्थल में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। विजय जुलूस प्रतिबंधित रहेगा। कोई भी प्रत्याशी या समर्थक विजय जुलूस नहीं निकालेगा। उन्होंने बताया कि किसी व्यक्ति द्वारा उक्त निर्देशों का उल्लंघन किए जाने पर भारतीय दंड संहिता की धारा 188 व आपदा प्रबंधन अधिनियम 2005 की धारा 51 से 60 के अंतर्गत विधिक कार्यवाही की जाएगी।
