अरशद आबदी, झांसी ( यूपी ), NIT;
थाना सीपरी बाजार अंतर्गत आए दिन होने वाली ट्रैफिक जाम की समस्या से जूझ रही जनता की समस्याओं को ध्यान में रखकर आज नगर निगम की टीम ने सिटी मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में भारी पुलिस फोर्स के साथ अवैध अतिक्रमण हटाने के लिए अभियान चलाया। अभियान की शुरुआत चित्रा चौराहे से की गई, जहां चौराहे पर अवैध रूप से गुमटी और खोके लगाए हुए लोगों को खदेड़ा गया। इस दौरान नगर निगम की टीम ने वहां पर पड़े कई सामानों को जप्त कर लिया।
इसके बाद पैदल चलते चलते अभियान चित्रा चौराहे से होते हुए सीपरी बाजार तांगा स्टैंड पहुंचा। भारी पुलिस फोर्स और नगर निगम के सख्त तेवर की सूचना पर सीपरी बाजार में लोग अपनी अवैध दुकानों और बाहर रखे समान को लेकर भागने लगे। इस दौरान नगर निगम की टीम ने पुलिस बल की मदद से लोगों का सामान छीन कर जप्त कर लिया। नगर निगम की टीम ने पक्की बनी दुकानों के आगे बने सभी टीन शेड को भी तोड़ दिया। इस दौरान दुकानों के सामने बने पके फर्श को तोड़कर उसके नीचे बनी नालियों को भी कब्जा मुक्त कराया गया।
