हाशिम अंसारी, ब्यूरो चीफ, सीतापुर (यूपी), NIT:

राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य मिशन के अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय इरापुर में आज स्वच्छ भारत, स्वस्थ भारत विकास संगोष्ठी व छात्र-छात्राओं का स्वास्थ्य परीक्षण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में विभिन्न रोगों के विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा अभिभावकों और बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी जानकारी दी गई। स्वास्थ्य परीक्षण शिविर में 110 बच्चों के स्वास्थ्य का परीक्षण किया गया, जिसमें 3 छात्र कान के रोग से पीड़ित मिले, उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लहरपुर के लिए रिफर किया गया। संगोष्ठी में मौजूद ग्राम वासियों को संबोधित करते हुए शिक्षक अनवर अली ने कहा कि सफाई को अपनी आदत में डालने से बहुत सी गंभीर बीमारियां से बचा जा सकता है, बच्चे भोजन से पहले और शौच के बाद यदि साबुन से हाथ धोने की आदत डाल ले, तो यह आदत पूरे जीवन भर बनी रहती है, इसके लिए अभिभावकों को घर में बच्चों को साबुन और हैंडवाश से हाथ धोने के लिए प्रेरित करना चाहिए। डॉक्टर राशिद अली ने घर के आस-पास जमा पानी से होने वाली बीमारियों और उससे बचाव हेतु बरती जाने वाली सावधानियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। डॉ रुबीना खान ने बच्चों और महिलाओं में होने वाली आमतौर पर बीमारी जैसे, कैल्शियम की कमी, खून की कमी, तथा आयरन आदि की कमी से बचाव हेतु संतुलित आहार तथा समय-समय पर होने वाले टीकाकरण आदि के लाभों के बारे में बताया। इस मौके पर ग्राम प्रधान जय देवी सरोज कुमार आदि ने भी अपने विचार प्रस्तुत किए।
