सांसद ने की जन सुनवाई, विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन | New India Times

फ़िरोज़ खान,बारां( राजस्थान), NIT; ​सांसद ने की जन सुनवाई, विकास प्रदर्शनी का किया अवलोकन | New India Timesसांसद दुष्यंत सिंह ने रविवार को पंचायत समिति अटरू की ग्राम पंचायत कवाई स्थित खेल मैदान में जनसुनवाई कर क्षेत्र के लोगों की समस्याओं को सुना। उन्होंने विभिन्न विभागों की ओर से लगाई गई विकास प्रदर्शनी का अवलोकन करते हुए विभिन्न योजनाओं के माध्यम से लोगों को स्वीकृतियां आदि प्रदान कर लाभांवित किया।

जिला प्रशासन के तत्वावधान में सभी विभागों की ओर से पिछले तीन सालों में किए गए विकास कार्यों व उपलब्धियों की प्रदर्शनी लगाई गई। सांसद ने यहां लगाई गई प्रत्येक विभागीय स्टॉल्स का अवलोकन किया। विभागीय अधिकारियों ने उन्हें जिले एवं अटरू क्षेत्र में पिछले तीन सालों में हुए विकास कार्यों की जानकारी प्रदान की। जनहित से जुड़े प्रत्येक कार्य के संबंध में जानकारी को उन्होने रुचि लेकर सुना तथा आवश्यक निर्देश दिए। तत्पश्चात यहां पर आयोजित जनसुनवाई के कार्यक्रम में लोगों की समस्याओं को सुना तथा उनके निराकरण हेतु मौके पर उपस्थित अधिकारियों को निर्देश दिए। ग्रामीणों ने आवास योजना सहित अन्य समस्याओं से संबंधित परिवाद प्रस्तुत किए। सभी मामलों में सांसद ने संबंधित अधिकारियों को प्रभावी कार्यवाही करने को कहा। पानी, बिजली, पेंशन, राशन आदि से जुड़ी शिकायतों पर प्रभावी कार्यवाही के निर्देश दिए गए। इस दौरान जिले के प्रभारी मंत्री बाबूलाल वर्मा भी सांसद के साथ प्रदर्शनी के अवलोकन व जनसुनवाई में मौजूद रहे। वर्मा ने कहा कि जिले में कब्ब्डी प्रतियोगिता के साथ जनसुनवाई व विकास प्रदर्शनी का आयोजन कर ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान करने की अनूठी पहल की गई है जिसका लाभ लोगों को मिल रहा है। एडीएम वासुदेव मालावत ने सम्पर्क समाधान पोर्टल के माध्यम से शिकायतों के समाधान की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से जानकारी दी। इस अवसर पर एसीईओ सुरेन्द्र सिंह मीणा, उपखंड अधिकारी झब्बर सिंह, विकास अधिकारी गौतम नाथूराम गायकवाड़ सहित सरंपच वंदना सिरोहिया, पूर्व विधायक नंदलाल मीणा, पूर्व जिला प्रमुख सारिका सिंह, मजिद मलिक कमांडो, हरगोविन्द जैन, मोरपाल सुमन व अन्य जिला स्तरीय व ब्लॉक स्तरीय अधिकारी व जन प्रतिनिधि उपस्थित रहे। 

विकास प्रदर्शनी एवं जनसुनवाई के दौरान स्वच्छ भारत मिशन अन्तर्गत 151 लाभार्थियों को राशि का हस्तान्तरण किया गया। साथ ही सामाजिक सुरक्षा योजना में 41 पेंशन आर्डर जारी किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना में छह लाभार्थियों को किश्त की राशि प्रदान की गई। राजलक्ष्मी योजना व अपना खेत-अपना काम योजना में पांच-पांच लोगों को लाभांवित किया गया। जनसुनवाई में चार सौ से अधिक परिवेदनाओं का पंजीयन किया गया। साथ ही चिकित्सा विभाग की ओर से 205 लोगों की स्वास्थ्य जांच की गई। राजस्व रिकार्ड की 16 नकलें, तीन नामांतरण, पांच जाति प्रमाण पत्र सहित सात भामाशाह व दो आधार कार्ड नामांकन आदि कार्य किए गये ।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.

Gift this article