बेटे का नाम हटाने के लिए दो लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, दरोगा निलंबित | New India Times

मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

बेटे का नाम हटाने के लिए दो लाख की रिश्वत मांगने का आरोप, दरोगा निलंबित | New India Times

पुवायां थाना क्षेत्र में दुराचार के एक मामले में आरोपी के बेटे का नाम जांच से हटाने के एवज में दो लाख रुपये रिश्वत मांगने के आरोप में जांच अधिकारी उपनिरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह को निलंबित कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, कस्बे की 21 वर्षीय युवती ने करीब 10 दिन पहले अशोक शर्मा के खिलाफ छेड़छाड़ की शिकायत थाने में दर्ज कराई थी। बाद में अदालत में दिए गए बयान में युवती ने आरोपी के बेटे का नाम भी लिया और उसके साथ दुराचार किए जाने का आरोप लगाया।
आरोप है कि मामले की जांच कर रहे उपनिरीक्षक महेंद्र प्रताप सिंह ने आरोपी के बेटे का नाम हटाने के लिए दो लाख रुपये की रिश्वत मांगी। आरोपी की पत्नी ने कथित तौर पर रिश्वत मांगने संबंधी बातचीत मोबाइल फोन में रिकॉर्ड कर ली।
मंगलवार को महिला ने पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित से मुलाकात कर शिकायत की और मोबाइल रिकॉर्डिंग भी सुनाई। एसपी ने मामले की जांच क्षेत्राधिकारी प्रवीण मलिक को सौंपी।
जांच में प्रथम दृष्टया आरोप सही पाए जाने पर एसआई महेंद्र प्रताप सिंह को मंगलवार रात निलंबित कर दिया गया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, मामले की विस्तृत जांच जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.