रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी/पंकज बड़ोला, झाबुआ (मप्र), NIT:

केशव विद्यापीठ में हरियाली अमावस्या के अवसर पर पर्यावरण संरक्षण एवं हरियाली का संदेश देते हुए पौधारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।

इस अवसर पर बच्चों द्वारा अपनी-अपनी रुचि के अनुसार लाए गए पौधों का अपने हाथों से रोपण किया गया। वहीं, विद्यालय में प्री-प्राइमरी वर्ग के बच्चों के लिए ग्रीन डे का आयोजन भी किया गया। इस दौरान सभी बच्चे हरे रंग की पोशाक पहनकर तथा पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए विभिन्न प्रकार की वेशभूषा में विद्यालय पहुंचे।

कार्यक्रम में संस्था संचालक ओम प्रकाश शर्मा की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने अपने उद्बोधन में बच्चों से कहा कि पेड़-पौधे हमारे जीवन का आधार हैं। वृक्ष हमें प्राणदायिनी ऑक्सीजन प्रदान करते हैं, जिसके कारण हम सांस ले पाते हैं। स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण के लिए अधिक से अधिक पौधे लगाना प्रत्येक व्यक्ति की जिम्मेदारी है।

उन्होंने कहा कि प्रकृति के तापमान में संतुलन बनाए रखने तथा वातावरण को स्वच्छ रखने के लिए वृक्ष अत्यंत आवश्यक हैं। यदि आज के दिन प्रत्येक व्यक्ति ‘एक व्यक्ति-एक पौधा’ का संकल्प लेकर एक पौधा लगाए और उसकी तब तक उचित देखभाल करे, जब तक वह बड़ा होकर वृक्ष न बन जाए, तो पूरी प्रकृति को पुनः हराभरा किया जा सकता है।
श्री शर्मा ने बच्चों को अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाने और उसकी उचित देखभाल करने का संकल्प भी दिलाया।
संस्था प्राचार्या श्रीमती नायर ने अपने उद्बोधन में कहा कि हरियाली अमावस्या प्रकृति और पर्यावरण के प्रति अपनी जिम्मेदारी को समझने का महत्वपूर्ण अवसर है। आज के दिन पौधारोपण के साथ यह संकल्प भी लेना चाहिए कि हमें केवल पौधा नहीं लगाना है, बल्कि उसकी नियमित रूप से उचित देखभाल भी करनी है।
श्रीमती नायर ने सभी शिक्षकों एवं बच्चों से आह्वान किया कि वे अपने घर अथवा परिसर में हरियाली अमावस्या के अवसर पर एक पौधा अवश्य लगाएं तथा ‘एक पौधा-एक जिम्मेदारी’ का संकल्प लेकर पर्यावरण को स्वच्छ एवं संतुलित बनाए रखने और हरियाली को बढ़ावा देने में अपनी भूमिका निभाएं।
कार्यक्रम का सफल संचालन उपप्राचार्या श्रीमती शची भार्गव द्वारा किया गया।

