शमसुद्दोहा, ब्यूरो चीफ, गोरखपुर (यूपी), NIT:
दीनदयाल उपाध्याय गोरखपुर विश्वविद्यालय की डी.फार्मा (डिप्लोमा इन फार्मेसी) की छात्रा जयंती पासवान को उत्कृष्ट शैक्षणिक प्रदर्शन और सर्वोच्च अंक प्राप्त करने पर स्वर्ण पदक के लिए चयनित किया गया। विश्वविद्यालय के 45वें दीक्षांत समारोह में महामहिम राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने 25 मेधावी विद्यार्थियों को स्वर्ण पदक प्रदान किए, जिनमें जयंती पासवान भी शामिल रहीं।

स्वर्ण पदक मिलने की खबर से जयंती के माता-पिता, परिवार और शुभचिंतकों में खुशी की लहर दौड़ गई। जयंती गोरखपुर जनपद के पीपीगंज क्षेत्र स्थित बढ़या चौक गांव की निवासी हैं। उनके पिता बलराम पासवान कैम्पियरगंज में ग्रामीण सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत हैं।
जयंती बचपन से ही मेधावी और प्रतिभाशाली छात्रा रही हैं। उनकी जिज्ञासा और लगन को पहचानते हुए उनके पिता ने हमेशा उनका उत्साहवर्धन किया और हर कदम पर साथ दिया। जयंती ने भी अपनी मेहनत और लगन से अपने पिता के सपनों को साकार कर दिखाया।
इस उल्लेखनीय उपलब्धि का श्रेय जयंती पासवान ने अपने माता-पिता के साथ-साथ डी.फार्मा विभाग के प्रोफेसर अभय मुरारी लाल वर्मा एवं विशाल विश्वकर्मा को दिया।

