राकेश यादव, ब्यूरो चीफ, सागर (मप्र), NIT:
बंडा विधानसभा क्षेत्र के देवपुरा वार्ड में पति-पत्नी के विवाद के बीच एक दर्दनाक हादसे में तीन वर्षीय मासूम की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने बच्चे के पिता को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवपुरा वार्ड निवासी पवन लोधी शराब के नशे में अक्सर अपनी पत्नी के साथ मारपीट करता था। इस संबंध में पूर्व में भी थाने में शिकायत दर्ज कराई जा चुकी थी, जिस पर पुलिस द्वारा कार्रवाई की गई थी।
बताया जा रहा है कि बुधवार रात पवन लोधी नशे की हालत में पत्नी से विवाद कर रहा था। इसी दौरान उनका तीन वर्षीय बेटा पास में सो रहा था। विवाद के बीच पवन का संतुलन बिगड़ गया और वह बच्चे के ऊपर गिर पड़ा। भारी वजन और घुटने का दबाव पड़ने से मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई।
बंडा एसडीओपी प्रदीप वाल्मीकि ने बताया कि मामले की जांच जारी है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

