'मिशन आरोही' अभियान: मथुरा में 20 वाहन सीज, 76 के चालान; नियम तोड़ने वालों को एआरटीओ की सख्त चेतावनी | New India Times

अली अब्बास, ब्यूरो चीफ, मथुरा (यूपी), NIT:

परिवहन आयुक्त, उत्तर प्रदेश के निर्देशानुसार प्रदेशभर में 5 अगस्त से 8 अगस्त 2026 तक चलाए जा रहे चार दिवसीय विशेष प्रवर्तन अभियान “मिशन आरोही” के तहत दूसरे दिन भी मथुरा में सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया।

सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) राजेश राजपूत के नेतृत्व में एआरटीओ सत्येंद्र सिंह एवं यात्री कर अधिकारी श्रीमती पूजा सिंह ने जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में अभियान चलाकर अवैध रूप से संचालित वाहनों, बिना टैक्स, ओवरलोड वाहनों, अनफिट स्लीपर लंबी दूरी की बसों, बिना HSRP अथवा विकृत नंबर प्लेट वाले वाहनों के विरुद्ध कार्रवाई की।

अभियान के दौरान बिना वैध प्रपत्र, अनफिट एवं गंभीर ओवरलोडिंग में लिप्त 20 वाहनों को सीज कर संबंधित थानों में निरुद्ध कराया गया। वहीं, बकाया कर, निजी वाहनों के अनधिकृत व्यावसायिक उपयोग (रेलवे स्टेशन एवं अन्य संवेदनशील स्थलों पर), ओवरस्पीडिंग, बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट तथा अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन के मामलों में 76 वाहनों के चालान किए गए।

एआरटीओ राजेश राजपूत ने बताया कि “मिशन आरोही” का उद्देश्य केवल चालान या जब्ती की संख्या बढ़ाना नहीं, बल्कि प्रभावी प्रवर्तन के माध्यम से सड़कों पर अनफिट एवं अवैध वाहनों के संचालन पर पूरी तरह अंकुश लगाना है।

उन्होंने सभी वाहन स्वामियों एवं चालकों से अपील की कि वे अपने वाहनों के सभी आवश्यक दस्तावेज, जैसे फिटनेस, परमिट, बीमा, टैक्स एवं HSRP, अद्यतन रखें तथा यातायात नियमों का शत-प्रतिशत पालन करें। उन्होंने चेतावनी दी कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.