शरीफ अहमद खान, ब्यूरो चीफ, सोनभद्र (यूपी), NIT:

चेहल्लुम के अवसर पर करमा क्षेत्र के पगिया में अकीदत और धार्मिक उल्लास का माहौल देखने को मिला। इमामबाड़ों में मजलिस के बाद अकीदतमंदों ने जुलूस निकाला, जिसमें बड़ी संख्या में लोगों ने भाग लेकर हज़रत इमाम हुसैन की शहादत को याद किया और उन्हें खिराज-ए-अकीदत पेश किया।

जुलूस के समापन के बाद पारंपरिक लाठी खेल व अन्य हैरतअंगेज करतबों का प्रदर्शन किया गया। किंगरी, तकिया, हिनौता और पगिया समेत आसपास के गांवों के अखाड़ों के युवाओं ने अपने कौशल का शानदार प्रदर्शन किया। इन खेलों को देखने के लिए बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी और प्रतिभागियों की खूब सराहना की गई।
कार्यक्रम में क्षेत्र के गणमान्य नागरिक एवं धर्मगुरु उपस्थित रहे। वहीं, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर करमा पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। पुलिस बल की मुस्तैदी के चलते पूरा आयोजन शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

