मुबारक अली, ब्यूरो चीफ शाहजहांपुर (यूपी), NIT:

आगामी श्रावण मास में निकलने वाली कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुव्यवस्थित और निर्बाध बनाने के लिए जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह और पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने मंगलवार को प्रशासनिक टीम के साथ कांवड़ मार्गों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त सौम्या गुरुरानी, मुख्य विकास अधिकारी उत्कर्ष द्विवेदी, एडीएम प्रशासन रजनीश कुमार मिश्र, नगर मजिस्ट्रेट रजनीकांत, एसपी सिटी देवेंद्र कुमार, एसपीआरए दीक्षा भंवरे सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
डीएम ने कलेक्ट्रेट से पुत्तूलाल चौराहा, केरूगंज, बरेली मोड़, ददरौल मोड़, कांट, जलालाबाद, अल्हागंज, हुल्लापुर, मदनापुर, खैरपुर, कटरा और तिलहर तक विभिन्न कांवड़ मार्गों का निरीक्षण किया। उन्होंने विश्राम स्थलों और शिविरों में पार्किंग, स्वच्छता, पेयजल, स्वास्थ्य सेवाएं और प्रकाश व्यवस्था समय से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए, साथ ही सड़कों की मरम्मत कार्य शीघ्र पूरा कराने को कहा।
अल्हागंज-हुल्लापुर मार्ग पर हाईवे किनारे कूड़ा डंप मिलने पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिशासी अधिकारी को दो दिन में कूड़ा हटाकर एमआरएफ सेंटर भेजने और स्थल का समतलीकरण कराने के निर्देश दिए। हुल्लापुर चौराहे पर गोल चक्कर निर्माण और खराब लाइटें दुरुस्त करने को भी कहा गया।
एसपी सौरभ दीक्षित ने पुलिस अधिकारियों को कांवड़ मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने, लगातार गश्त और बेहतर यातायात प्रबंधन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सुरक्षा और व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

