मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

जुन्नारदेव जनपद की ग्राम पंचायत पनारा के वार्ड क्रमांक 7 में बरसात के दौरान सड़क के दोनों ओर उगी झाड़ियों ने मार्ग को लगभग पूरी तरह ढक लिया है। इससे ग्रामीणों और वाहन चालकों को आवागमन में भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों के अनुसार, सड़क किनारे फैली झाड़ियां राहगीरों और दोपहिया वाहन चालकों के चेहरे, हाथ, पैर तथा आंखों से टकरा रही हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बढ़ गई है। विशेष रूप से रात के समय इस मार्ग से गुजरना अधिक जोखिम भरा हो गया है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि क्षेत्र की मूलभूत सुविधाओं की ओर जिम्मेदार अधिकारियों का पर्याप्त ध्यान नहीं है। उनका कहना है कि चुनाव के दौरान किए गए विकास के वादों के बावजूद सड़क की नियमित साफ-सफाई और रखरखाव नहीं होने से लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ रही है।
ग्रामीणों ने जनपद पंचायत एवं संबंधित अधिकारियों से शीघ्र संज्ञान लेकर सड़क किनारे उगी झाड़ियों की सफाई कराने तथा आवागमन को सुरक्षित एवं सुगम बनाने की मांग की है।

