मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम और यातायात नियमों के प्रभावी पालन के उद्देश्य से शाहजहांपुर पुलिस ने 25 और 26 जुलाई की रात विशेष ड्रंकन ड्राइविंग एवं सड़क सुरक्षा अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के निर्देशन में अपर पुलिस अधीक्षक देवेंद्र कुमार, क्षेत्राधिकारी यातायात शुभम वर्मा तथा प्रभारी निरीक्षक यातायात बच्चू सिंह के नेतृत्व में यातायात पुलिस और संबंधित थाना पुलिस की टीमों ने जिले के टोल प्लाजा, प्रमुख मार्गों और संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन चेकिंग की।
अभियान के दौरान वाहन चालकों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच की गई। नशे की हालत में वाहन चलाते पाए गए चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। साथ ही पुलिस ने वाहन चालकों को शराब पीकर वाहन न चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने, निर्धारित गति सीमा का पालन करने तथा वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का प्रयोग न करने के लिए जागरूक किया।
पुलिस के अनुसार अभियान के दौरान 19 चालान ड्रंकन ड्राइविंग, 3 मॉडिफाइड साइलेंसर, 60 प्रेशर हॉर्न एवं हूटर तथा 1133 बिना हेलमेट वाहन चलाने के मामलों में किए गए। इसके अलावा विभिन्न यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कुल 2081 चालान किए गए।
यातायात पुलिस ने शहर के प्रमुख चौराहों और तिराहों पर जनजागरूकता अभियान चलाकर लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक किया। पुलिस का कहना है कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए इस प्रकार के विशेष प्रवर्तन एवं जागरूकता अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे।

