5 महीनों से पीने के पानी को तरसे ग्रामीण, निस्तार के पानी से हो रही जलापूर्ति, खरीदकर पानी पीने को मजबूर लोग | New India Times

मो. मुजम्मिल, जुन्नारदेव/छिंदवाड़ा (मप्र), NIT:

5 महीनों से पीने के पानी को तरसे ग्रामीण, निस्तार के पानी से हो रही जलापूर्ति, खरीदकर पानी पीने को मजबूर लोग | New India Times

ग्राम पंचायत दातलावादी के वार्ड क्रमांक 2, 3, 4 एवं 5 में पिछले पाँच महीनों से नलों के माध्यम से पीने का पानी नहीं पहुंचा है। इसके कारण क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीण पीने के पानी के लिए लंबी दूरी तय कर झिरिया और हैंडपंपों से पानी लाने को मजबूर हैं। वहीं कई परिवार ऊंचे दामों पर पानी खरीदकर अपनी दैनिक जरूरतें पूरी कर रहे हैं।

हालांकि पंचायत द्वारा निस्तार (घरेलू उपयोग) के लिए पानी की आपूर्ति नियमित रूप से की जा रही है, लेकिन पीने योग्य पानी की समस्या अब भी जस की तस बनी हुई है। पिछले पाँच महीनों से लोग स्वच्छ पेयजल के लिए लगातार परेशान हैं।

जानकारी के अनुसार, माता दफाई वार्ड क्रमांक 1 स्थित पंचायत के शासकीय कुएं का जलस्तर फरवरी-मार्च माह में काफी नीचे चला गया था। इसके बाद वार्ड क्रमांक 2, 3, 4 एवं 5 में पेयजल का गंभीर संकट उत्पन्न हो गया, जिससे नल-जल योजना पूरी तरह ठप पड़ गई। इसके बाद पंचायत ने राहत के तौर पर निस्तार का पानी उपलब्ध कराना शुरू किया, जिससे गर्मी के दौरान कुछ राहत तो मिली, लेकिन पीने के पानी की समस्या आज भी बनी हुई है।

ग्रामीणों का कहना है कि वे पिछले पाँच महीनों से नलों में पेयजल आने का इंतजार कर रहे हैं, लेकिन अब तक समस्या का समाधान नहीं हो सका है। मजबूरी में उन्हें आज भी पीने का पानी खरीदना पड़ रहा है या फिर झिरिया और हैंडपंपों पर निर्भर रहना पड़ रहा है।

क्षेत्रवासियों ने पंचायत और संबंधित अधिकारियों से मांग की है कि जल्द से जल्द पेयजल की स्थायी एवं उचित व्यवस्था की जाए, ताकि उन्हें स्वच्छ पेयजल के लिए इधर-उधर भटकना और महंगे दामों पर पानी खरीदना न पड़े।

By nit

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.