दुकान के नौकर ने ही रची थी 2 लाख की लूट की साजिश, दो आरोपी गिरफ्तार | New India Times

अबरार अहमद खान/मुकीज़ खान, भोपाल (मप्र), NIT:


थाना शाहजहाँनाबाद पुलिस ने व्यापारी से दो लाख रुपये की लूट की वारदात का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। चौंकाने वाली बात यह रही कि लूट की साजिश व्यापारी की दुकान में काम करने वाले नौकर ने ही रची थी। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त चाकू और वाहन बरामद किया है।

पुलिस के अनुसार 16 जून की रात फरियादी दिलीप आरतवानी (46) अपनी किराना दुकान बंद कर प्रतिदिन की तरह दिनभर की बिक्री के करीब दो लाख रुपये एक्टिवा की डिग्गी में रखकर घर जा रहे थे। देवीबाई धर्मशाला के पास सड़क पर गड्ढे के कारण उन्होंने वाहन की गति धीमी की, तभी स्कूटी सवार तीन युवकों ने उनकी गाड़ी रोक ली। एक आरोपी ने चाकू गर्दन पर रखकर जान से मारने की धमकी दी, जबकि दूसरे ने एक्टिवा की चाबी निकालकर डिग्गी से दो लाख रुपये निकाल लिए। इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

पीड़ित की शिकायत पर थाना शाहजहाँनाबाद में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस आयुक्त संजय कुमार के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास के क्षेत्रों के 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली तथा तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की पहचान की।

जांच के दौरान पुलिस ने प्रेम शर्मा (20), निवासी कोच फैक्ट्री छोला तथा अभिषेक पंथी (20), निवासी रासला खेड़ी भानपुर को हिरासत में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने वारदात कबूल कर ली। पुलिस ने उनके कब्जे से कुल एक लाख रुपये नकद, घटना में प्रयुक्त चाकू तथा वाहन बरामद किया है। शेष राशि की बरामदगी के लिए पूछताछ जारी है।

पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि व्यापारी की दुकान में कार्यरत नौकर को नकदी ले जाने की जानकारी थी और उसी ने लूट की साजिश रची थी।

पुलिस के अनुसार आरोपी प्रेम शर्मा के खिलाफ पूर्व में भी गाली-गलौज, मारपीट और जान से मारने की धमकी का एक आपराधिक मामला दर्ज है।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी उमेश पाल सिंह चौहान, उपनिरीक्षक माधव सिंह परिहार, बाना सिंह पवार, राजीव पुरोहित सहित शाहजहाँनाबाद थाना, साइबर टीम एवं सिटी सर्विलांस के अधिकारियों और कर्मचारियों की सराहनीय भूमिका रही।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

This site uses Akismet to reduce spam. Learn how your comment data is processed.