इमरान खान, मुंब्रा/ठाणे (महाराष्ट्र), NIT:

ठाणे मनपा स्कूल क्रमांक 100 उर्दू, शिमला पार्क, कौसा (मुंब्रा) में शैक्षणिक वर्ष 2026-27 के शुभारंभ पर “स्कूल प्रवेशोत्सव एवं निःशुल्क पाठ्यपुस्तक वितरण कार्यक्रम” हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुंब्रा-कलवा विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. जितेंद्र आव्हाड रहे। उन्होंने विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों को संबोधित करते हुए शिक्षा के महत्व पर प्रकाश डाला तथा बच्चों को उज्ज्वल भविष्य के लिए प्रेरित किया।
इस अवसर पर नगरसेविका मरज़िया पठाण तथा मुंब्रा विभाग के सहायक आयुक्त विजय कवडे की विशेष उपस्थिति रही। अतिथियों ने विद्यालय के शैक्षणिक व सामाजिक उपक्रमों की सराहना करते हुए विद्यार्थियों को नियमित शिक्षा के लिए प्रोत्साहित किया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकों का वितरण किया गया। साथ ही, प्रथम बार स्कूल में प्रवेश लेने वाले नन्हे विद्यार्थियों का पुष्प देकर स्वागत किया गया। उनकी स्मृति में आयोजित ‘फुटप्रिंट (पदचिह्न)’ उपक्रम ने अभिभावकों और बच्चों में विशेष उत्साह का माहौल बनाया।
अभिभावकों को बच्चों की नियमित उपस्थिति, शैक्षणिक प्रगति और सर्वांगीण विकास के संबंध में विस्तृत मार्गदर्शन भी दिया गया।
कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के मुख्याध्यापक, शिक्षकवृंद, शिक्षकेतर कर्मचारियों एवं अभिभावकों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। अंत में विद्यालय परिवार ने सभी अतिथियों और उपस्थित जनों का आभार व्यक्त किया।

