मक़सूद अली, ब्यूरो चीफ, यवतमाल (महाराष्ट्र), NIT:

यवतमाल-वर्धा-चंद्रपुर विधान परिषद चुनाव में कांग्रेस उम्मीदवार साहेबराव कांबले द्वारा नामांकन वापस लेने के बाद सियासी हलचल तेज़ हो गई है। इस घटनाक्रम को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं और आम जनता के बीच कई सवाल खड़े हो रहे हैं।
कांग्रेस नेता मोहम्मद आसिम अली ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हुए पार्टी नेतृत्व से हस्तक्षेप की अपील की है।
आसिम अली ने कहा कि नगर परिषद, जिला परिषद और विधानसभा चुनावों में उम्मीदवार चयन से पहले विस्तृत चर्चा और विचार-विमर्श होता है, लेकिन इतने महत्वपूर्ण विधान परिषद चुनाव में उम्मीदवार का चयन किन मानकों और किसकी सिफारिश पर हुआ, यह स्पष्ट होना चाहिए।
उन्होंने मांग की कि नामांकन वापसी के पीछे के वास्तविक कारणों की जांच के लिए एक स्वतंत्र उच्चस्तरीय समिति गठित की जाए। साथ ही जिन नेताओं और पदाधिकारियों ने उम्मीदवार का नाम प्रस्तावित किया था, उनके नाम सार्वजनिक किए जाएं और आवश्यकता पड़ने पर उनकी भूमिका की भी जांच हो।
आसिम अली ने कहा कि पार्टी की साख, कार्यकर्ताओं का विश्वास और संगठनात्मक पारदर्शिता बनाए रखने के लिए इस पूरे प्रकरण की गहन जांच बेहद जरूरी है।
उन्होंने कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं राहुल गांधी, मल्लिकार्जुन खड़गे और के.सी. वेणुगोपाल से मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच के निर्देश देने की अपील की है।

