मुबारक अली, ब्यूरो चीफ, शाहजहांपुर (यूपी), NIT:
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित के चार्ज लेते ही शाहजहांपुर पुलिस एक्शन मोड में नजर आ रही है। पुलिस ने 6 साल से हत्या के मामले में फरार चल रहे आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है। यह कार्रवाई एसओजी, थाना तिलहर और सर्विलांस टीम की संयुक्त टीम द्वारा की गई।
पुलिस के अनुसार आरोपी पत्नी सुनीता गंगवार ने अपने पति सतीश चंद्र को खाने में जहर देकर तथा गला दबाकर उसकी हत्या कर दी थी और अपने नंदोई प्रेमी के साथ फरार हो गई थी।
हत्या के बाद सुनीता गंगवार अपने प्रेमी कपिल गंगवार के साथ फरार हो गई थी। सबसे पहले दोनों करीब 2 वर्ष तक नोएडा क्षेत्र में अपनी पहचान छुपाकर रहे। इसके बाद पिछले 4 वर्षों से हिमाचल प्रदेश के जनपद सोलन की तहसील बद्दी के गांव झारमंझरी में रह रहे थे।
बताया गया कि आरोपी कपिल गंगवार माउंटेन वैली पब्लिक स्कूल, बद्दी (जनपद सोलन) में शिक्षक के रूप में कार्य कर रहा था। पुलिस टीम ने सुनीता गंगवार और कपिल गंगवार को सरयू पुलिया के पास से गिरफ्तार किया।
यह पूरी घटना उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जनपद के थाना तिलहर क्षेत्र की है, जो 6 वर्ष पूर्व हुई थी। मृतक सतीश चंद्र तिलहर में रहकर प्रॉपर्टी डीलिंग का काम करता था। उसकी पत्नी सुनीता का अपने ही नंदोई कपिल गंगवार के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। जब इसकी जानकारी सतीश चंद्र को हुई, तो उसने इसका विरोध किया।
इसके बाद सुनीता ने अपने प्रेमी कपिल गंगवार के साथ मिलकर हत्या की योजना बनाई। योजना के तहत सुनीता ने अपने पति के खाने में जहर मिला दिया और बाद में गला दबाकर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद दोनों फरार हो गए थे।
पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने दोनों अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया था और दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था।
गिरफ्तार आरोपियों में सुनीता गंगवार, पत्नी स्वर्गीय सतीश गंगवार, निवासी ग्राम पिपरा, थाना तिलहर, जनपद शाहजहांपुर तथा उसका प्रेमी कपिल गंगवार (34 वर्ष) निवासी ग्राम राजनपुर, थाना तिलहर, जिला शाहजहांपुर शामिल हैं। पुलिस द्वारा दोनों के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

