रहीम शेरानी हिन्दुस्तानी, ब्यूरो चीफ, झाबुआ (मप्र), NIT:

जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत कलेक्टर नेहा मीना के निर्देशानुसार मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद, विकासखंड झाबुआ के सेक्टर कल्याणपुरा की नवांकुर संस्था संस्कृति युवा मंडल समिति द्वारा ग्राम भगोर में रामदेव चौराहे के पास जल मंदिर (प्याऊ) का उद्घाटन किया गया।

जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत “जल शक्ति से नव भक्ति” कार्यक्रम के अंतर्गत जल मंदिर का शुभारंभ जिला समन्वयक प्रेमसिंह चौहान एवं विकासखंड समन्वयक तोलिया डामोर ने पूजन-अर्चन कर किया। साथ ही जल संरक्षण का संदेश देने के लिए रैली भी निकाली गई तथा ग्राम भगोर की नेगड़ी माता नदी पर पूजा-अर्चना की गई।
प्रेमसिंह चौहान ने जल गंगा संवर्धन अभियान के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि यह अभियान 19 मार्च से 30 जून तक संचालित किया जाएगा।
मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने 19 मार्च से इस अभियान का शुभारंभ किया है। अभियान के अंतर्गत मध्य प्रदेश जन अभियान परिषद द्वारा जल स्रोतों का पूजन, साफ-सफाई, गहरीकरण, सामूहिक श्रमदान, रैली एवं संगोष्ठियों के माध्यम से जनजागरूकता अभियान चलाया जाएगा।
साथ ही एक बैठक का आयोजन भी किया गया। इस दौरान चौहान ने कहा कि भविष्य में जल गंगा संवर्धन के अंतर्गत विभिन्न चरणों में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिससे जल संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ेगी।
कार्यक्रम में मेंटर अजय कुमार प्रकाश मेड़ा, सीएम सोशल इंटर्न गम्मू सिंह भाभोर, कृष्ण सिंह बामनिया, अर्चना बैरागी, मंशा बैरागी, विपिन पंचाल, दलसिंह, रामचंद्र देवल सहित विभिन्न समितियों के प्रतिनिधि एवं एमएसडब्ल्यू के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का संचालन नवांकुर संस्था के प्रमुख राजेश बैरागी ने किया एवं आभार प्रदर्शन समिति अध्यक्ष शिवम मालीवाड़ ने किया।
