गुलशन परूथी, ग्वालियर (मप्र), NIT:

संस्था श्रद्धा समाज कल्याण समिति द्वारा मालनपुर के खुमानपुरा स्थित अशोक उच्च माध्यमिक विद्यालय क्रमांक-3 में ‘बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ’ विषय पर एक दिवसीय संगोष्ठी का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम का आयोजन डॉ. ज्योति प्रियदर्शनी तथा ब्रह्माकुमारी बहनें — ज्योति दीदी, अनामिका दीदी और सृष्टि दीदी के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।
इस अवसर पर संस्था के अध्यक्ष लाखन सिंह चौधरी ने ग्रामीण विद्यालयों में बालिका शिक्षा और उनके विकास पर उपस्थित लोगों को जागरूक किया। उन्होंने बताया कि कक्षा 6 से 12वीं तक बालिका शिक्षा एक गंभीर चुनौती बनी हुई है, जिसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में निरंतर जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे।
डॉ. ज्योति प्रियदर्शनी ने बालिका शिक्षा के महत्व को विस्तार से समझाते हुए कहा कि बालिकाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं।
ब्रह्माकुमारी बहनों — ज्योति दीदी, अनामिका दीदी और सृष्टि दीदी ने भी बालिका शिक्षा पर जोर देते हुए कहा कि बालिकाओं को भी बालकों के समान महत्व दिया जाना चाहिए, क्योंकि आज ऐसा कोई कार्य नहीं है जो बालिकाएं नहीं कर सकतीं।
संस्था के सचिव हरिसिंह ने भी बालिका शिक्षा पर विशेष जोर दिया। वहीं नेमीचंद और उनकी टीम ने कन्या भ्रूण हत्या पर एक जीवंत नाटक प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक किया और बताया कि भ्रूण लिंग परीक्षण एक घिनौना कृत्य है।
कार्यक्रम के अंत में सभी ग्रामीण जनों के लिए भोजन प्रसादी की व्यवस्था की गई। इस अवसर पर दीपेश श्रीवास्तव, भारती श्रीवास्तव, अशोक श्रीवास्तव, श्रद्धा दोहरे, ग्रामीण महिलाएं — कपूरी कुशवाहा, ज्योति गोंड सहित अनेक लोग, विद्यालय के शिक्षक तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

