आलम वारसी, ब्यूरो चीफ, मुरादाबाद (यूपी), NIT:
महिला जज के पिता मोहम्मद असद की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए छह आरोपियों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया है। यह मुकदमा उनके बड़े साले मजाहिर हुसैन उर्फ डेनियल की तहरीर पर दर्ज किया गया। पुलिस ने पांच नामजद और एक अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला कायम किया है।
नामजद आरोपियों में से दो—मोहम्मद फैजान और आलमगीर—को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस की पांच टीमें दबिश दे रही हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि हत्या की वारदात संपत्ति विवाद के चलते अंजाम दी गई। मुख्य आरोपी जफर हुसैन की गिरफ्तारी के बाद ही विस्तृत खुलासा होने की संभावना है।
जिगर कॉलोनी निवासी मोहम्मद असद (62) ‘अलवीना बेकर्स’ के संचालक थे। उनकी एक बेटी आसमां सुल्ताना के पति बुलंदशहर में जज हैं, जबकि दूसरी बेटी अलमास सुल्ताना अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी में प्रोफेसर हैं।
शुक्रवार शाम रोजा खोलने के बाद मोहम्मद असद अपने साले मजाहिर हुसैन उर्फ डेनियल के साथ स्कूटी से कोतवाली क्षेत्र स्थित लाल मस्जिद में तरावीह की नमाज पढ़ने जा रहे थे। जब वे नागफनी थाना क्षेत्र के बंगला गांव चौराहे के पास पहुंचे, तभी दूसरी बाइक पर सवार उनके साले जफर हुसैन ने स्कूटी के बराबर आकर मोहम्मद असद के सिर में गोली मार दी।
घटना के बाद मजाहिर हुसैन की तहरीर पर पुलिस ने मुख्य आरोपी जफर हुसैन (निवासी डहेरिया, नागफनी), उसके दो बेटे सैफ जफर व हुसैन, दामाद मोहम्मद फैजान, साथी आलमगीर तथा वारदात के समय बाइक चला रहे अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया।
सतपाल अंतिल (एसएसपी) ने बताया कि मुकदमा दर्ज करने के बाद एसएचओ नागफनी सुनील कुमार की टीम ने नामजद आरोपी मोहम्मद फैजान (मोहल्ला कानूनगोयान, मुगलपुरा) और आलमगीर (कटघर) को गिरफ्तार कर लिया। शनिवार को दोनों को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया गया।
पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि जफर हुसैन और उसके छोटे भाई मजाहिर हुसैन के बीच लंबे समय से संपत्ति विवाद चल रहा था, जिसके चलते यह वारदात अंजाम दी गई।

